
दक्षिणापथ, दुर्ग। दुर्ग नगर पालिक निगम चुनाव के पार्षद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कल 24 दिसंबर को होगा। मतगणना के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने पुलगांव रोड स्थित भारती इंजीनियरिंग कॉलेज में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली। मतगणना सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। पहले डाक मतों की गणना की जाएगी, फिर मतपेटियों के वोटो की गिनती की जाएगी। जीत-हार के प्रारंभिक रुझान दोपहर 1 बजे से आने शुरु हो जाएंगे। अंतिम परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है। मतगणना के लिए 3 सौ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि करीब साढ़े 5 सौ जवान मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। कोई भी व्यक्ति बगैर पास के मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं कर पाएगा। प्रवेश के लिए प्रत्याशियों, उनके अभिकत्र्ताओं व मीडिया कर्मियों को पास जारी किए गए है। प्रत्याशी के अलावा केवल उनके दो एजेंटों को मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति होगी। मतगणना के लिए भारती इंजीनियरिंग कॉलेज के सी ब्लाक में व्यवस्था की गई है। यहां एक हाल में 12 वार्डो के मतपेटी की गणना की जाएगी। इस लिहाज से कुल 5 हाल में 60 वार्डो के गणना की व्यवस्था की गई है। हाल में वार्डवार 60 टेबल लगाए गए है। जहां प्रत्याशियों के दो एजेंट बैठकर मतगणना कार्य का हिस्सा बनेंगे। डाक मतों की गणना के लिए कॉलेज के बी ब्लाक में व्यवस्था की गई है। वहीं मीडिया कर्मियों की बैठक व्यवस्था भी बी ब्लाक में होगी।

इसके अलावा भिलाई नगर निगम के वार्ड-3 और 10 के उपचुनाव के मतों की गिनती भी भारती इंजीनियरिंग कॉलेज में की जाएगी। इसके लिए 8 टेबलों की व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की वाहनें कॉलेज परिसर में खड़ी होगी, जबकि प्रत्याशियों, उनके एजेंटों एवं अन्य लोगों के लिए कॉलेज के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर
मतदान और उसके बाद आए वार्डवार मतदान के आंकड़ो से अब राजनीतिक विश्लेषक द्वारा रुझानों का दौर शुरु हो गया है। जिनके मुताबिक दुर्ग नगर निगमके 60 वार्डो में से अधिकांश वार्डो में प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर की स्थिति बनी हुई है। इस चुनाव में कई वार्डो में कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशियों के लिए निर्दलीय या बागी खतरे की घंटी बने हुए है। जिससे अधिकांश वार्डो के चुनाव का परिणाम दिलचस्प बन गया है। कांग्रेस-भाजपा के आधा दर्जन से अधिक पार्षद प्रत्याशी महापौर बनने का सपना भी संजोए हुए है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक महापौर पद के ऐसे दावेदारों की जीत राह आसान नहीं होने का अनुमान है। इन दावेदारों पर निर्दलीय प्रत्याशियों के भारी पडऩे के संकेत मिल रहे है। दुर्ग नगर निगम चुनाव में कौन पार्षद प्रत्याशी जीतेगा या किसे पराजय का सामना करना पड़ेगा। यह विषय अभी मतदान पेटी में कैद है। इसका फैसला 24 दिसंबर को हो पाएगा, लेकिन अधिकांश वार्डो में प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर की मिल रही खबरों ने चुनाव के परिणाम को काफी रोचक बना दिया है। परिणाम पर जहां प्रत्याशियों की नजर है। वहीं जनता को भी इसका बेसब्री से इंतजार है।
खबरे और भी पढ़े https://ift.tt/2M1wOYa
The post दुर्ग निगम चुनाव के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को: भारती इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 8 बजे प्रारंभ होगी मतगणना, देर शाम तक आएंगे परिणाम, साढ़े 5 सौ पुलिस के अधिकारी व जवान संभालेंगे मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा appeared first on Dakshinapath.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें