DeshDuniya लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
DeshDuniya लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 26 दिसंबर 2021

ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्रों के क्षेत्रीय निर्देशक ओमप्रकाश भाई के छठवी पुण्यतिथि पर उन्हें दी गई श्रद्धाजंलि….

 

दक्षिणापथ, दुर्ग । ब्रह्माकुमारी दुर्ग के बघेरा स्थित “आनंद सरोवर” के विशाल सभागार में छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्रों के क्षेत्रीय निर्देशक ओमप्रकाश भाई जिन्हें संस्था में “भाई ” के नाम से संबोधन करते थे जिनका छठवीं श्रद्धांजलि व पुण्यतिथि का आयोजन किया गया। ब्रह्माकुमारी दुर्ग की संचालिका ब्रम्हाकुमारी रीटा बहन ने सर्वप्रथम भाई जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उनके संग के संस्मरण को उपस्थित सभाजनों को सुनाया।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उड़ीसा व राजस्थान के विभिन्न शहरों में ब्रह्माकुमारी संस्था के सेवाकेंद्रों व वहां प्रतिदिन ज्ञान व योग के द्वारा अपने जीवन में सुख शांति निश्चिंता का अनुभव करने वाले हजारों भाई बहनें व परमपिता परमात्मा शिव द्वारा प्राप्त ज्ञान को सभी को प्रदान करने वाली ब्रह्माकुमारी संस्था में अपना संपूर्ण जीवन ईश्वरी कार्य में समर्पित करने वाली लगभग 1300 बहनों का विशाल संगठन जो छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश उड़ीसा व राजस्थान में 650 से अधिक ईश्वरी सेवाकेंद्रों को उत्तरोत्तर प्रगति की ओर ले जा रही है इन सब का श्रेय ओमप्रकाश भाई को जाता है। उन्होंने बताया भ्राता ओम प्रकाश इतनी आध्यात्मिक ऊर्जा से संपन्न थे जो भी उन के सानिध्य में आता उनमें अद्भुत आध्यात्मिक उर्जा का संचार हो जाता था। भाई जी के मार्गदर्शन में इंदौर के पलासिया में स्थित दिव्यजीवन कन्या छात्रावास खोला गया जिसमें कक्षा 6 से ग्रेजुएशन तक बहनें स्कूली शिक्षा के साथ आध्यात्मिक शिक्षा ग्रहण करते हैं। इस छात्रावास से शिक्षा ली हुई अनेक बहनें देश-विदेश में अनेकों मनुष्य आत्माओं के जीवन में आध्यात्मिकता की अलख जगा रही है। संपूर्ण भारत में पहला रिट्रीट सेंटर शांति सरोवर रायपुर का श्रेय भी भाई जी को है। छत्तीसगढ़ के अनेक राजनेताओं से इनका मधुर स्नेह था जिसके फलस्वरूप मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मंत्री विधायक व अनेक अधिकारी लगभग 100 से अधिक संख्या में माउंट आबू जा कर आध्यात्मिकता का लाभ लिए। दुर्ग में ब्रह्माकुमारीज के सेवाओं का विस्तार का श्रेय भी ओम प्रकाश भाई जी को जाता है जिनके कुशल मार्गदर्शन में बघेरा में “आनंद सरोवर” का निर्माण हुआ। कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों में प्रहलाद रुँगटा ( अध्यक्ष चेंबर ऑफ कॉमर्स ) ने बताया कि 2012 में ब्रह्माकुमारी शिवानी बहन के कार्यक्रम में मुझे ओमप्रकाश भाई जी से मिलने का सौभाग्य मिला जिसके बाद से मुझे महसूस हुआ मेरे आध्यात्मिक, सामाजिक व आर्थिक उन्नति में निरंतर प्रगति हुई । मध्यानी ग्रुप के भ्राता खेमराज मध्यानी ने बताया मैं ओमप्रकाश भाई जी से चार – पांच बार मिला था उनकी ओजस्वी वाणी व तेजस्वी जीवन निर्बल में बल भर देता था उनसे मुझे अच्छे कर्म करने की प्रेरणा मिली । इस कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य लोग ओमप्रकाश भाई जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किए जिनमें नेतराम अग्रवाल गायत्री पैलेस, डॉक्टर राजपाल जी, भ्राता अशोक राठी , भ्राता पवन बड़जात्या , भ्राता गुलाब गुलाब पटेल , भ्राता महावीर अग्रवाल , भ्राता नवीन अग्रवाल , भ्राता शंकर अग्रवाल , बहन मानसी गुलाटी इत्यादि उपस्थित थे। ब्रह्माकुमारी रेणुका ने भाई जी के जीवन चरित्र पर सुंदर गीत प्रस्तुत किया व मंच संचालन ब्रम्हाकुमारी रुपाली बहन ने किया ।



दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में मुआवजा और क्षतिपूर्ति की राशि दिये बिना और नियम कानून का पालन किये बिना ग्रामीणों के घर तोड़े जा रहे हैं, गृहमंत्री जनता के कानूनी अधिकारों की रक्षा करने में विफल …

 

– पट्टा और आबंटित भूमि को भी अतिक्रमण बताया जा रहा है

दक्षिणापथ, दुर्ग । स्टेट रोड डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन द्वारा दुर्ग ब्लाक के उतई से खोपली होते हुए मचांदुर तक सड़क का निर्माण चौड़ीकरण किया जा रहा है। लोकनिर्माण विभाग द्वारा नगर पंचायत उतई द्वारा आबंटित भूमि को और जिस भूमि के लिये पंचायत संपत्तिकर की वसूली करती रही है उसे अतिक्रमण की भूमि बताकर बेजा कब्जा हटाने की नोटिस दी गई है। इसी प्रकार खोपली के प्रचलित आबादी के पट्टे की भूमि को भी सरकारी भूमि में अतिक्रमण बताकर बेजा कब्जा हटाने की नोटिस दी गई है। शासन प्रशासन के दबाव में अनेक प्रभावित ग्रामीणों ने अपने निर्माण स्वयं ही तोड़ने लगे हैं। सड़क निर्माण से प्रभावितों ने क्षेत्रीय विधायक और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से भेंटकर मुआवजा और क्षतिपूर्ति की राशि दिलाने की गोहार लगाया किंतु मंत्री ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया।

उतई मचांदुर सड़क निर्माण से प्रभावित ग्रामीणों की बैठक आज खोपली गांव में रखी गई बैठक में छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच के अध्यक्ष एड. राजकुमार गुप्त, मंच के दुर्ग ग्रामीण प्रभारी ढालेश साहू और किसान नेता उत्तम चंद्राकर मार्गदर्शन करने के लिये उपस्थित थे, उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को बताया कि मुख्यमंत्री के पाटन क्षेत्र में सेलूद से रानीतराई सड़क निर्माण में प्रचलित आबादी के पट्टाधारी को भूमि का चार गुना मुआवजा और निर्मित ढांचे के लिये क्षतिपूर्ति की राशि प्रदान की गई है, प्रचलित आबादी क्षेत्र के अंदर कई सालों से कब्जाधारी जिन्हे पट्टा नहीं मिल पाया था को भी ढांचे के लिये क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान किया गया है। एक ही जिले के अलग अलग ब्लाकों में अलग अलग नियम कानून नहीं हो सकता।

मंच के अध्यक्ष राजकुमार गुप्त ने क्षेत्रीय विधायक और मंत्री ताम्रध्वज को निशाने में लेते हुए कहा कि वह अपने क्षेत्र की जनता के कानूनी हितों की रक्षा करने संबंधी अपने दायित्व का निर्वाह करने में विफल रहे हैं। मंच के अध्यक्ष ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा है कि नियम कानूनों का उल्लंघन करके वैध कब्जों से ग्रामीणों को बलपूर्वक बेदखल करने में अधिकारियों और ठेकेदार को मंत्री का वरदहस्त प्राप्त है।

मंच ने सड़क निर्माण से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों को भरोसा दिया है कि नियम और कानूनों का पालन किये बिना किसी के भी वैध कब्जे से बेदखल नहीं करने दिया गया।

बैठक में गोपेंद्र, ईश्वर साहू, देवकरण, विश्वनाथ, पूनाराम, दीनबंधु, चंद्रकांत, पीलालाल, चेतनलाल, अशोक कुमार, रामकुमार, सोहनलाल, भगवती प्रसाद, चेलेश्वर, जितेंद्र साहू, फत्तेलाल वर्मा, उमाकांत, डालेश्वर, परसराम, रामचंद्र, के अलावा कांग्रेस के सतीश पारख और भाजपा के माधोप्रसाद साहू भी शामिल थे ।



नयनतारा ने अपना स्किन केयर ब्रांड द लिप बाम कंपनी किया लॉन्च

दक्षिणापथ। दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अदाकारा नयनतारा को भला कौन नहीं जानता। उन्होंने अपनी शख्सियत से पूरे देश में एक अलग पहचान बनाई है। अभी उनके खाते में कई फिल्मों की लाइन लगी हुई है। लगता है जैसे कि एक्टिंग के अलावा उन्होंने बिजनेस में भी कुछ करने की ठान ली है। हाल में उन्होंने अपना प्रोडक्शन कंपनी लॉन्च किया था। अब उन्होंने अपना खुद का एक स्किन केयर ब्रांड द लिप बाम कंपनी लॉन्च किया है।
नयनतारा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर द लिप बाम कंपनी के बारे में जानकारी दी है। अपने इस नए कंपनी के लिए उन्होंने त्वचा विशेषज्ञ डॉक्टर रेनिता राजन के साथ हाथ मिलाया है। डॉक्टर रेनिता के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए नयनतारा ने प्रशंसकों के साथ खुशी बांटी है। रिपोर्ट की मानें तो यह दुनिया का सबसे बड़ा लिप बाम ब्रांड है। उनके इस ब्रांड में 100 प्रकार का वेरिएंट शामिल होगा।
नयनतारा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, सभी अच्छी चीजों में समय लगता है। डॉक्टर रेनिता और मैं आपके लिए द लिप बाम कंपनी को पेश करती हूं। यह ब्रांड 100 से अधिक लिप बाम का कलेक्शन होगा।
साथ ही उन्होंने अपने इस नए ब्रांड की कई खासियत और अच्छी चीजें बताई हैं।
यह पहली बार नहीं है जब नयनतारा ने अपने बिजनेस से जुड़े प्रोजेक्ट में निवेश किया है। वह अपने मंगेतर विग्नेश शिवन के साथ मिलकर राउडी पिक्चर्स प्रोडक्शन हाउस भी चला रही हैं। इस बैनर तले फिल्म कूझंगल का भी निर्माण किया गया है। दोनों ने साथ मिलकर चेन्नई स्थित चाय वाले बेवरेज ब्रांड में भी निवेश किया है। इस अभिनेत्री ने चेन्नई स्थित रेस्तरां स्टार्ट-अप में भी पैसे लगाए हैं।
मालूम हो कि नयनतारा ने कैटरीना कैफ के के ब्यूटी ब्रांड को भी प्रमोट किया था। वह इस ब्रांड के प्रमोशन में व्यस्त नजर आई थीं। कैटरीना ने भी नयनतारा की तरह इंस्टाग्राम पर अपने ब्रांड को लॉन्च किया था।
नयनतारा हाल में फिल्म अन्नाथे में नजर आई हैं। इसमें उनके साथ साउथ सुपरस्टार रजनीकांत भी दिखे हैं। वह साउथ निर्देशक एटली की अगली फिल्म में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। ऐसी चर्चा है कि इस फिल्म में वह शाहरुख खान के अपोजिट दिखेंगी। वह चिरंजीवी अभिनीत फिल्म गॉडफादर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा सकती हैं।



छत्तीसगढ़ का मसीही समाज :  मानव सेवा की सौ साल पुरानी परम्परा 

दक्षिणापथ, रायपुर । भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस रंग बिरंगी विविधता में एकता हमारे भारतीय समाज की सबसे बड़ी ख़ासियत । यहाँ सभी धर्मों और संस्कृतियों के लोग मिलजुलकर रहते हैं। देश के अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ भी सामाजिक समरसता और सर्वधर्म सम- भाव का प्रमुख केन्द्र है।  यहाँ सैकड़ों हजारों वर्षों से हर धर्म ,हर पंथ और हर समाज के लोग मिल जुलकर रहते आ रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के सामाजिक ,आर्थिक और सांस्कृतिक विकास में मसीही समाज का भी अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक योगदान है। कल 25 दिसम्बर को प्रभु यीशु मसीह की जयंती छत्तीसगढ़ में भी क्रिसमस के रूप में उत्साह के साथ मनाई गई । गिरजाघरों में  रंग बिरंगी रोशनी की गई थी। साहित्यकार कुमार लोरिश के अनुसार महान विभूतियों का जीवन दर्शन किसी एक देश या किसी एक समाज के लिए नहीं ,बल्कि सम्पूर्ण मानव समाज के लिए होता है। प्रभु यीशु का जीवन दर्शन भी समूची मानवता के लिए है।  दया ,करुणा , परोपकार और  पीड़ित मानवता की सेवा ही प्रभु यीशु मसीह के जीवन का संदेश है ।उनके  इस महान जीवन दर्शन के अनुरूप मसीही समाज ने छत्तीसगढ़ में भी मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। वर्ष 1897 में छत्तीसगढ़ में प्रथम मिशनरी के रूप में फादर लोर का आगमन हुआ था ,जिन्होंने बिलासपुर जिले के बैतलपुर में कुष्ठ पीड़ितों के लिए सेवाश्रम और अस्पताल खोला था।  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान वर्ष 1920 में इस अस्पताल का दौरा किया था और वहाँ के सेवा कार्यो की तारीफ़ की थी।
इसी कड़ी में महासमुंद जिले के जगदीशपुर को भी  लिया जा सकता है ,जहाँ मसीही समाज के सेवा कार्यों  की परम्परा और उसका   इतिहास  लगभग एक सौ साल से भी अधिक पुराना है। साहित्यकार कुमार लोरिश इसी जगदीशपुर के निवासी हैं । वह अपने आलेख में आगे बताते हैं — तत्कालीन समय में इस अत्यंत पिछड़े इलाके में आम जनता को शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मसीही समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान में यहाँ समाज द्वारा सौ बिस्तरों के अस्पताल का भी संचालन किया जा रहा है ।  इस जिले का  प्रथम पूर्ण साक्षर ग्राम है जगदीशपुर । लेखक कुमार लोरिश के अनुसार यहाँ मसीही समाज के  चर्च की कहानी लगभग सौ साल पहले तबसे शुरू होती है,जब इस घनघोर जंगल में अमेरिका से आए जनरल कान्फ्रेंस मेनोनाईट चर्च के मिशनरी श्री एवं श्रीमती रेव्ह. शेमूएल टाईसन मोयर्स वर्ष 1920 में  चाम्पा से जगदीशपुर आए थे । उन्होंने तत्कालीन फुलझर जमींदार राजा लाल बहादुर सिंह (वर्तमान बसना विधायक राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह के दादाजी)के सौजन्य  से मानव सेवा कार्य प्रारंभ करने के लिए जमीन प्राप्त की थी।। बताते हैं कि तब यहां पर बाघ,चीता जैसे जंगली जानवर  विचरण करते  थे। जगदीशपुर में वर्ष 1923 में सर्वप्रथम मिट्टी के बने गिरजाघर में आराधना होती थी।तत्कालीन  बंगाल प्रान्त  आए बैप्टिस्ट मिशनरियों ने छत्तीसगढ़ के फुलझर क्षेत्र में प्रभु यीशु के जीवन संदेशों  का प्रारम्भिक प्रचार किया था, अतएव कुछ आरम्भिक बैप्टिस्ट क्रिश्चयन इन मिशनरियों के पास आए और उन सबने मिलकर जगदीशपुर क्षेत्र में मिशन के सेवा कार्यो  की बुनियाद  रखी। इन मिशनरियों ने वर्ष 1928 में सेवा भवन अस्पताल की नींव रखी,जो वर्तमान में महासमुंद जिले का नामचीन एवं सर्वसुविधायुक्त अस्पताल है। वर्ष 1950 में यहाँ  गिरजाघर के नए भवन का लोकार्पण हुआ था। बेतेल मेनोनाईट चर्च के नाम से जाने गए इस गिरजाघर का नवीन डिजाईन बनाया गया था। गिरजाघर के निर्माण के समय अमेरिकन मिशनरियों सहित अनेक लोगों ने सहयोग व परिश्रम किया था, उनमें से कई  अब दिवंगत हो चुके हैं।  मिशनरियों ने जगदीशपुर में वर्ष  1930 में प्राथमिक शाला एवं 1939 में मिडिल स्कूल खोला था। वर्ष 1945 में यही स्कूल जेनसन मेमोरियल एग्रीकल्चर हाईस्कूल  के रूप में विकसित किया गया था।



बड़ी खबर – सीआरपीएफ के जवान ने अपने ही साथी को मारी गोली, आत्म हत्या करने के उद्देश्य से खुद पर भी चलाया गोली, एक जवान की मौत

दक्षिणापथ,वेंकटापुरम(तेलंगाना)। बीजापुर जिले की सीमा से लगे तेलंगाना राज्य के मुलगू जिले के वेंकटापुरम स्थित सीआरपीएफ 39 बटालियन के जवान ने साथी जवान को गोली मारने के बाद खुद पर भी गोली चलाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, इस घटना में आरोपी जवान गम्भीर रूप से घायल बताया जा रहा है ।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुलगू जिले के वेंकटापुरम में स्थित सीआरपीएफ 39 बटालियन के हेड कांस्टेबल स्टीफन ने रविवार 26 दिसम्बर को सुबह 8.30 बजे साथी जवान उमेश चन्द्र को सर्विस रायफल से गोली मारने के बाद आत्म हत्या करने के उद्देश्य से खुद पर भी गोली चलाया । इस घटना में जवान उमेश चन्द्र की मौत हो गई है, वही आरोपी जवान स्टीफन गम्भीर बताया जा रहा है, जिसे उपचार के लिए वेंकटापुरम अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां आरोपी जवान की स्थिति गम्भीर बताई जा रही है । घटना के बाद मुलगू पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना की बारीकी से छान बिन कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके ।



मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से रिसाली नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों ने की सौजन्य मुलाकात

दक्षिणापथ,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज यहां उनके निवास कार्यालय में रिसाली नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदगण को नगरीय निकाय चुनाव में उनकी जीत के लिए बधाई एवँ शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।



तमिलनाडु में विमान यात्रियों के लिए सात दिनों का क्वारंटीन हुआ अनिवार्य

चेन्नई । तमिलनाडु सरकार ने कोरोना वायरस (कोविड-19) के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के संक्रमण को रोकने की कवायद के तहत सभी विमानयात्रियों के लिए आज से सात दिनों का क्वारंटीन अनिवार्य कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री सुब्रामण्यम ने कहा कि विदेशों से आने वाले सभी यात्रियों को आरटी-पीसीआर जांच करानी होगी और उनके लिए सात दिनों का क्वारंटीन अनिवार्य है। श्री सुब्रामण्यम ने कहा, दूसरी जांच क्वारंटीन के आठवें दिन की जाएगी और रिपोर्ट के नेगेटिव आने के बाद ही उन्हें बाहर जाने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गैर खतरे वाले देशों से आने वाले यात्रियों की अनियमित जांच को दो फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी कर दिया गया है। पिछले दो दिनों में तीन हजार से अधिक यात्रियों की जांच की गई, जिसमें 52 यात्री कोविड से संक्रमित पाए गए है। वहीं इस संख्या में 39 यात्रियों में एस-जीन का लक्षण पाए गए है, जोकि ओमीक्रोन वेरिएंट से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि 39 यात्रियों के नमूनों को पुणे के राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान अनुसंधान भेजा गया है। इसकी लगभग पांच दिनों में रिपोर्ट के आने का अनुमान है।
उल्लेखनीय है पिछले 20 दिनों में जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए 57 नमूनों में से 33 यात्री ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पाए गए है। वहीं 24 जांचों के परिणाम आना शेष है। सुब्रमण्यम ने कहा कि राज्य में ओमीक्रोन मामलों में कोई बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई है। इसके मामलों की संख्या 34 पर स्थिर है। राज्य में 15 दिसंबर को पहला मामला दर्ज हुआ था जिसमें दोहा के रास्ते नाइजीरिया से आई 47 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई थी। ओमीक्रोन से संक्रमित 34 मामलों में पांच मरीज इलाज से ठीक होकर छुट्टी मिल चुकी हैं, इसके साथ ही इस बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। राज्य में कुल 22 लोगों का इलाज चल रहा है।
उन्होंने संक्रमण को रोकने के लिए लोग समाजिक स्थानों, होटलों और रिसोर्ट में नए साल के जश्न को मनाने से बचे और अवसर को परिजनों के साथ कोविड नियमों का पालन करने का आग्रह किया है। उन्होनें कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में 1.5 लाख बिस्तर और 1,400 मैट्रीक टन ऑक्सीजन को तैयार रखा गया है। इसमें शहर के राजीव गांधी सरकारी आम अस्पताल के 2,500 बिस्तर भी शामिल है। मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में 94 लाख लोगों की वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जानी शेष है।



अटल जयंती पर भाजपा ने शुरू किया चंदा अभियान

– पीएम मोदी ने पार्टी फंड में दिये एक हजार रुपये

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर चंदा जुटाने का अभियान शुरू किया, जिसका लक्ष्य अपने सदस्यों व अन्य लोगों के छोटे-छोटे योगदानों से धन इक_ा करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के कई अन्य नेताओं ने इस अभियान के तहत दान किए और सभी से इसमें योगदान की अपील की।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कोष के लिए एक हजार रुपए दान दिए हैं। इस विशेष अभियान से राष्ट्र प्रथम का हमारा आदर्श और जीवन पर्यंत स्वार्थरहित सेवा की हमारे कार्यकर्ताओं की संस्कृति को और मजबूती मिलेगी। भाजपा को मजबूत बनाने में योगदान दीजिए, राष्ट्र को मजबूत बनाने में योगदान दीजिए। नड्डा ने एक ट्वीट में कहा कि हमारे कार्यकर्ता इस विशेष अभियान के तहत लाखों लोगों से संपर्क करेंगे। नमो एप का डोनेशन मॉड्यूल इस दान राशि को संग्रह करने का माध्यम बनेगा। दुनिया के सबसे बड़े राष्ट्रवादी आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए मैं जनता का आशीर्वाद मांगता हूं। उन्होंने कहा कि यह अभियान 11 फरवरी को पार्टी के विचारक दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि तक चलेगा।



शनिवार, 25 दिसंबर 2021

सहायक शिक्षकों ने दिल्ली जाकर किया एक दिवसीय प्रदर्शन : महाफैडरेशन ने कहा वेतन विसंगति हर हाल में दूर कराएंगे

 

दक्षिणापथ, दुर्ग । प्रदेश के 1 लाख 9 हजार सहायक शिक्षक एल बी,79 हजार शिक्षक/व्याख्याता एल बी की वेतन विसंगति , समानुपातिक वेतनमान, प्रथम नियुक्ति तिथि से कार्य का वेटेज, क्रमोन्नति वेतनमान , पदोन्नति, स्थानांतरण, पंचायत शिक्षाकर्मियों के परिवारजनों को अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों पर छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन विगत 3 वर्षों से एक सशख्त् बैनर महाफैडरेशन के तले लड रहा है और यह लडाई चरम पर है।
साथियों विदित हो कि छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन संगठन के प्रांताध्यक्ष राजेश पाल प्रांतीय महासचिव प्रणब मांड्रिक ने एक प्रांतीय डेलिगेशन बनाकर 24 दिसम्बर को दिल्ली रवाना किया था ताकि प्रदेश के सबसे अधिक संख्या में अन्याय झेल रहे सहायक शिक्षक एल बी की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर पर उठाई जाए । लिहाजा आज 26 दिसम्बर 2021 को लाल किले की प्राचीर पर छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन के प्रांत प्रमुख राजेश पाल के निर्देश पर सहायक शिक्षक एल बी के वेतन विसंगति के मांग को पूरा कराने प्रदेश पदाधिकारियों में से प्रदेश मीडिया प्रभारी रितेश टिकरिहा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफेडरेशन के प्रांतीय पदाधिकारी द्वारा 26 दिसम्बर को लाल किले के प्राचीर पर एक दिन धरना देकर मांग पूर्ण करने प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में साथी रामकृष्ण देवांगन, जलेश्वर साहू, जोगेन्द्र कुमार, कमल नारायण के साथ ही उन शिक्षिकाओं के पति भी मौजुद है जो रायपुर के अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल हैं। मित्रों चुंकि छत्तीसगढ़ राज्य के मुखिया ने सहायक शिक्षकों की मांगों की पूर्ति के लिए दिल्ली के लंबित फंड के अड़चन की बात कही थी लिहाजा सहायक शिक्षकों के भलाई के लिए हर एक अड़चन दूर करने की जद्दोजहद में आज 26 दिसम्बर को छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन ने दिल्ली जाकर अपना आक्रोश जताया और राज्य शासन को चेताने के साथ साथ केंद्र की सरकार को भी चेतावनी देते हुए सहायक शिक्षकों के आंदोलन और मांग को पहुंचाने का काम किया है जिससे केंद्र व राज्य पर दबाव बन सके। छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन के प्रांत प्रमुख श्री राजेश पाल, प्रांतीय महासचिव श्री प्रणब मांड्रिक जी ने रितेश टिकरिहा जी सहित डेलिगेशन के सभी जांबाज सहायक शिक्षक सिपाहियों को बधाई देते हुए उनके जज्बे और संघर्ष को सराहा है और साथ ही प्रदेश की राजधानी रायपुर में धरना-प्रदर्शन में शामिल तमाम सहायक शिक्षकों को भी बधाई देते हुए मांग पुरा होने की शुभकामनाएं दी हैं।



7 जनवरी राजिम जन्मोत्सव पर युवा प्रकोष्ठ रखेगी रक्तदान शिविर

राजिम जयंती महोत्सव में जुटेंगे प्रदेशभर के साहू समाज के लोग

मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे सीएम भूपेश बघेल

दक्षिणापथ,रायपुर।राजिम-7 जनवरी को तैलिक वंश शिरोमणि भक्तिन राजिम माता की जयंती पूरे छत्तीसगढ़ के साहू समाज के लोग राजिम में बड़े धूमधाम से मनाते हैं। इस बार भी छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ एवं भक्तिन राजिम माता मंदिर समिति के तत्वाधान में बड़ी धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया है। साहू समाज की वृहद संख्या एवं आबादी को देखते हुए इस बार यह कार्यक्रम समाज को आवंटित जगह चौबे बांधा रोड मैदान राजिम में मनाने का निर्णय लिया गया है कार्यक्रम की तैयारी जोर शोर से चल रही है। विगत दिनों तैयारी को लेकर के राजिम रेस्ट हाउस में भक्तिन माता राजिम मंदिर समिति एवं प्रदेश साहू संघ बैठक आयोजित कर कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सामाजिक जनों को जिम्मेदारी तय की गई। इस बैठक में प्रदेश युवा प्रकोष्ठ एवं रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ को वृहद स्तर पर रक्तदान शिविर की जिम्मेदारी सौपी गयी। गौरतलब हो कि विगत चार-पांच सालों से रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ रक्तदान शिविर आयोजित करते आ रही है पिछले वर्ष की तरह इस इस वर्ष भी प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ एवं रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वाधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू एवं रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्यारे लाल साहू ने सामाजिक जनों को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान में भाग लेने एवं कार्यक्रम को सफल बनाने का अपील किया है।



छत्तीसगढ़ में साकार हो रहा पुरखों का सपना भूपेश बघेल

-मुख्यमंत्री से नगर पंचायत मारो के नवनिर्वाचित पार्षदों ने की सौजन्य मुलाकात

दक्षिणापथ,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज शाम यहां उनके निवास कार्यालय में बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत के नवनिर्वाचित पार्षदों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदगण को नगरीय निकाय चुनाव में उनकी जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार द्वारा सभी वर्ग की खुशहाली के लिए पुरखों ने जो सपना देखा था, उसे निरंतर साकार करने का कार्य हो रहा है। मुझे विश्वास है कि जब हम अपने पुरखों के रास्ते पर चलते है और पुराने मूल्यों से छेड़खानी किए बगैर सुधार के साथ आगे बढ़ते हैं, तो हम निश्चित ही सफलता के शिखर पर पहुंचते है। हमने तीन वर्षों में राज्य में किसान, गरीब, मजदूर, नौजवान तथा महिलाओं सहित कमजोर तबकों के उत्थान के लिए ऐसे प्रयास किए है, जिनके बारे में पहले कभी सोचा नहीं गया था। हम इस दौरान सभी वर्ग के लोगों को बराबरी के अवसर देकर हमारे पुरखों द्वारा बताए गए रास्ते पर चलने में सफल भी हो रहे हैं।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा, संसदीय सचिव गुरूदयाल सिंह बंजारे, अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष दलेश्वर साहू, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, भूतपूर्व विधायक प्रदीप चौबे एवं नवनिर्वाचित पार्षदगण सर्व नरेन्द्र कुमार टण्डन, रामनाथ मिरी, परमेश्वर मिरी, ईश्वर ध्रुव, श्रीमती चन्द्रकांता बंजारे, श्रीमती सुधा तिवारी, श्रीमती राजमती ठाकुर, श्रीमती ममता यादव, श्रीमती मालती बघेल आदि उपस्थित थे।



महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष चुनाव हेतु कांग्रेस ने नियुक्त किये पर्यवेक्षक

दक्षिणापथ,रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देशानुसार संपन्न नगरीय निकाय चुनाव 2021 के निर्वाचन क्षेत्रों में महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष के चयन हेतु निकायवार पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है-
बीरगांव नगर निगम के पर्यवेक्षक रवि घोष, मोतीलाल देवांगन, राजेन्द्र साहू, भिलाई नगर निगम के पर्यवेक्षक गिरीश देवांगन और द्वारिकाधीश यादव, भिलाई चरौदा नगर निगम अटल श्रीवास्तव और विनोद चंद्राकर, रिसाली नगर निगम विकास उपाध्याय और सुदेश देशमुख।
बैकुंठपुर नगर पालिका पारसनाथ राजवाड़े और अमरजीत चावला, शिवपुर चरचा नगर पालिका शैलेष पांडेय और शाहिद खान, सारंगढ़ नगर पालिका रामकुमार यादव, प्रेमचंद जायसी, जामुल नगर पालिका चंद्रशेखर शुक्ला, खैरागढ़ नगर पालिका दलेश्वर साहू और धर्मेन्द्र यादव।
प्रेमनगर नगर पंचायत जेपी श्रीवास्तव और संदीप साहू, मारो नगर पंचायत प्रमोद दुबे, नरहरपुर नगर पंचायत संतराम नेताम, कोन्टा नगर पंचायत नीना रावतिया, भैरमगढ़ नगर पंचायत रूखमणी कर्मा और अवधेश गौतम, भोपालपट्नम नगर पंचायत यशवर्धन राव।



मुख्यमंत्री ने राजधानी के सेन्ट पॉल केथेड्रल पहुंचकर मसीही समाज सहित प्रदेशवासियों को दी ‘क्रिसमस‘ की शुभकामनाएं: केक काटकर किया क्रिसमस सेलिब्रेट

प्रभु की प्रार्थना में शामिल हुए
-प्रदेशवासियों की सुख- सृमद्धि की कामना की
दक्षिणापथ,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज क्रिसमस पर्व पर राजधानी रायपुर के सेन्ट पॉल केथेड्रल पहुंचकर प्रभु की प्रार्थना में शामिल हुए और मसीही समाज सहित प्रदेशवासियों को प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन ‘क्रिसमस‘ की बधाई और शुभकामनाएं दी और प्रभु यीशु से सभी लोगों की सुख, समृद्धि की कामना की।
नवनिर्वाचित बिशप अजय जेम्स द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया ।


इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा, विधायक श्रीमती रेणु जोगी, महापौर ऐजाज ढेबर, पूर्व विधायक अमित जोगी सहित मसीही समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे ।



29 दिसंबर को मंत्रिपरिषद की बैठक करेंगे पीएम मोदी, लिए जा सकते हैं कई बड़े फैसले

नई दिल्ली । कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर को मंत्रिपरिषद की बैठक करेंगे। ये बैठक किस मुद्दे पर होगी इसको लेकर अभी पीएमओ की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। बैठक बुधवार को शाम 4 बजे होगी जिसमें लगभग सभी मंत्रियों के मौजूद रहने की संभावना है। ऐसा माना जा रहा है कि बैठक में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा हो सकती है। इस बीच, पीएम मोदी शनिवार, 25 दिसंबर को गुजरात के कच्छ में गुरुद्वारा लखपत साहिब में गुरु नानक देव जी के गुरुपर्व समारोह को वर्चुअली संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, पीएम मोदी क्रिसमस के दिन दोपहर करीब 12.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुरुपर्व समारोह को संबोधित करेंगे। हर साल 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक गुजरात की सिख संगत गुरुद्वारा लखपत साहिब में गुरु नानक देव जी का गुरुपर्व मनाती है। अपनी यात्रा के दौरान गुरु नानक देव जी लखपत में रुके थे। गुरुद्वारा लखपत साहिब में उनके अवशेष हैं जिनमें लकड़ी के जूते और पालकी के साथ-साथ गुरुमुखी की पांडुलिपियां और चिह्नों की लिपियां शामिल हैं।
कोविड की समीक्षा बैठक कर चुके हैं पीएम मोदी
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें कोविड-19 की स्थिति और ओमिक्रॉन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कोविड-19 की स्थिति और ओमिक्रॉन, चिंताजनक नए वेरिएंट (वीओसी), कोविड-19 की रोकथाम और प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया उपायों, दवाओं की उपलब्धता सहित स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत किए जाने सहित ऑक्सीजन सिलेंडर और कंसेन्ट्रेटर्स, वेंटिलेटर, पीएसए संयंत्र, आईसीयू/ऑक्सीजन समर्थित बेड, मानव संसाधन, आईटी हस्तक्षेप और टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की गई।



शुक्रवार, 24 दिसंबर 2021

विदेश से छत्तीसगढ़ लौटे 2 लोग, कोरोना संक्रमण की चपेट में आए

ओमीक्रॉन की पुष्टि नहीं

दक्षिणापथ,रायपुर । छत्तीसगढ़ में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बना हुआ है। विदेश से आए दो और यात्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। जिसके बाद अब दोनों मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। नए वेरिएंट की जांच के लिए जीनोम सिच्ेंसिंग लिया गया है। जानकारी के अनुसार जिन दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, दोनों मरीज अमेरिका और दुबई से यात्रा कर छत्तीसगढ़ लौटे हैं।
गौरतलब हो कि प्रदेश में विदेशों से यात्रा कर लौटे 268 यात्रियों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। जिसके चलते ओमिक्रॉन का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक जितने भी लोग विदेश से यात्रा कर लौटे हैं उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनमें नए वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश में अब तक विदेश से यात्रा कर 2453 से अधिक यात्री लौटे हैं इनमें रायपुर के 159 समेत प्रदेश के 268 यात्रियों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल गुरुवार को दो यात्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों को आइसोलेट किया गया है। आने वाले 7 दिनों तक विशेष निगरानी में रखा जाएगा।



प्रगति के लिए सवाल करना जरूरी: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

-नवा छत्तीसगढ़ क्विज कॉन्टेस्ट में धमतरी ने मारी बाजी
दक्षिणापथ,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज देर शाम समाचार चौनल आईबीसी-24 द्वारा राजधानी रायपुर के एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल में आयोजित नवा छत्तीसगढ़ क्विज कॉन्टेस्ट 2021 के फाइनल राउंड में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रगति के लिए व्यक्ति का सवाल पूछना जरूरी। उन्होंने कहा कि पिछड़ने का सबसे बड़ा सबब यही है कि हम सवाल नहीं पूछते। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि मन में प्रश्न है तो शिक्षक से अवश्य पूछिये। बच्चों को उनके प्रश्नों के उत्तर मिलने चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्विज कॉन्टेस्ट के विजेता धमतरी, उप-विजेता कांकेर के साथ ही बलौदाबाजार और कोण्डागांव की टीमों को भी मेडल, प्रशस्ति पत्र के साथ प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 51, 31 और 21 हजार रूपए की राशि का चेक प्रदान कर पुरस्कृत किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में कहा कि क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सतत् अध्ययन की आवश्यकता है। सामान्य ज्ञान उसी के पास होगा, जो निरंतर अपडेट रहेगा। आजकल नये-नये खोज हो रहे हैं, पुराने के साथ नये जानकारी का होना भी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेते हैं तो आत्मविश्वास बढ़ता है। सफलता के लिए आत्मविश्वास का होना जरूरी है। इस तरह की प्रतियोगिता में भाग लेने से हम अपनी क्षमता की पहचान होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान कहीं से भी मिले, उसे ग्रहण करना चाहिए। मन में प्रश्न है तो उसे अवश्य पूछना चाहिए।बच्चों को पूरी शालीनता के साथ बड़ों से सवाल पूछना चाहिए । जो जितना सवाल पूछता है,वह उतनी प्रगति करता है। जिन समाजों ने सवाल पूछे उन्होंने उन्नति की। हम अपने आप से सवाल नहीं पूछते इसलिए हम पिछड़ गए।
नवा छत्तीसगढ़ क्विज कॉन्टेस्ट 2021 की इस विद्यालयीन प्रतियोगिता में राज्य के 16 जिलों के 20 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। फाइनल राउंड में कोण्डागांव, कांकेर और बलौदाबाजार की टीमें पहुंची। इस क्विज में कुल 8 राउंड-छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं कला, पहचानों कौन, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, छत्तीसगढ़ स्पेशल, कोविड-19, खेल-खिलाड़ी, अविष्कार एवं खोज और रैपिड फायर के तहत प्रतिभागियों से प्रश्न पूछे गए। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, अध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग महेन्द्र छाबड़ा, कृषि एवं बीज विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल के चेयरमैन सुरेश गोयल, संचालक राजेन्द्र गोयल, एमडी नरेन्द्र गोयल सहित प्रतिभागी स्कूलों के बच्चे, शिक्षक भी उपस्थित थे।



दूसरों के कहने पर मुझे कई बड़ी फिल्मों से निकाला गया है: निकिता रावल


दक्षिणापथ। गरम मसाला और ब्लैक एंड व्हाइट जैसी फिल्मों में काम कर चुकी चर्चित अभिनेत्री निकिता रावल ने अपने बारे में एक बड़ा बयान दिया है। निकिता ने कहा कि, दूसरो के कहने पर उन्हे कई बड़ी फिल्मों से निकाला गया है। क्रिसमस के प्री सेलिब्रेशन पर बातचीत करते हुए निकिता ने अपने विचार रखे हैं।
क्रिसमस के प्री सेलिब्रेशन के बारे में बताते हुए निकिता ने कहा कि, पिछले दो सालों से कोरोना के चलते हम दिवाली और क्रिसमस अच्छी तरीके से सेलिब्रेट नहीं कर पा रहे थे, लेकिन इस बार हमने दिवाली भी अच्छे ढंग से सेलिब्रेट की और अब क्रिसमस भी सेलिब्रेट करने वाले हैं। मैं इस बार क्रिसमस अपने एचआईवी पीडि़त बच्चों और कोरोना पीडि़तो के साथ मनाऊंगी।
आगे इसी क्रम में बात करते हुए उन्होंने अपने फिल्मी करियर के बारे में बताया। निकिता ने कहा कि, मैंने कई बड़े स्टार्स और कई बड़ी फिल्मों में काम किया है। और मेरा फिल्मी करियर लगभग ठीक ही रहा हैं। लेकिन बीच में ऐसा भी समय आया जहां पर मुझे बिना बताए कई बड़ी फिल्मों से निकाल दिया गया। मेरे कुछ डायरेक्टर्स ने दूसरों के कहने पर मुझे कई बड़ी फिल्मों से निकाला है।
इसी पर बातचीत करते हुए उन्होंने अंत में कहा कि, लेकिन अब मैं एक बहुत बड़े स्टार के साथ एक वेब सीरीज कर रहीं हूं, जिसमे मैं एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रही हूं। इस सीरीज की शूटिंग किए मुझे पांच दिन हो गए हैं और जल्द ही मेरे फैंस को इस सीरीज के बारे में सब कुछ पता चल जाएगा।



रकुल प्रीत सिंह की फिल्म छतरी वाली का हुआ रैप


दक्षिणापथ।बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने नवंबर महीने में अपनी नई फिल्म छतरी वाली की अनाउंसमेंट की थी, जिसकी शूटिंग फिलहाल पूरी हो चुकीं है और इसकी सूचना एक्ट्रेस ने खुद अपने सोशल मीडिया पर दी है।
इस फिल्म की शूटिंग लखनऊ में की जा रहीं थी। शूटिंग खत्म होने की जानकारी देते हुए उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर रैपअप सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें और वीडियोज़ शेयर कियें है और साथ ही अपनी पूरी टीम को धन्यवाद कहा है।
रकुल ने अपने पहले पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, अपनी हर फिल्म के रैपअप ट्रेडीशन को फॉलो कर रहीं हूँ। मेरे पास बेस्ट टीम है और इनकी वजह से मुश्किल दिन भी नॉर्मल दिन की तरह लगते थे। इस पोस्ट में रकुल अपनी टीम के साथ केक कट करते नजर आ रहीं हैं।
इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे पोस्ट में अपनी पूरी टीम के साथ केक काटने की तस्वीरों को शेयर कर लिखा, आखिरी रात कई तरह के इमोशन से भरपूर थी। ऐसा कुछ आप लोगों के लिए बनाकर बहुत खुश हूं जिसपर मैं विश्वास करती हूं। प्तछतरीवाली की जर्नी कितनी शानदार रही है।
मेरी पहली टाइटल रोल वाली फिल्म के लिए इससे अच्छी टीम की उम्मीद मैं नहीं कर सकती थी। इसी के साथ रकुल ने इस पोस्ट के अंत में अपनी पूरी टीम और को-स्टार का भी शुक्रिया अदा किया है।
रकुल प्रीत सिंह इस फिल्म में लीड रोल में नजर आएंगी, वह एक कंडोम टेस्टर की भूमिका निभाते दिखाई देगी। फिल्म से उनका फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है। रकुल के अलावा फिल्म में प्राची शाह पांडे भी अहम भूमिका में है।
छतरी वाली का डायरेक्शन तेजस देवस्कर ने किया हैं, और इसे रॉनी स्क्रूवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं।



सर्दियों में मछली खाने के होते है इतने फायदे


दक्षिणापथ। सर्दियों के मौसम की शुरुआत हो चुकी है ऐसे इस मौसम में वह चीजें खाई जाती है जो शरीर को गर्मी देती है सर्दियों में लोग नॉनवेज फूड का काफी सेवन करते हैं सर्दियों के दिनों में मछली का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है मछली में ओमेगा 3 ,फैटी एसिड एंड विटामिन डी की भरपूर मात्रा होती है आज हम आपको बताते हैं कि सर्दियों में मछली खाने के फायदे के क्या फायदे होते हैं।
मछली में ओमेगा 3 की मात्रा काफी ज्यादा होती है ऐसे में यह आपके लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है ऐसे में सर्दियों के मौसम में साल्मन और मैकरेल का सेवन जरूर करना चाहिए।
सर्दियों में धूप कम निकलने की वजह से विटामिन डी की कमी हो जाती है इससे आपकी मूड पर काफी असर पड़ता है जिस कारण डिप्रेशन की समस्या बढ़ सकती है ऐसे में मछली आपके लिए काफी अच्छी साबित हो सकती है क्योंकि मछली में विटामिन डी पाया जाता है।
सर्दियों में गठिया की समस्या काफी ज्यादा बढ़ जाती है ऐसे में आप मछली आपकी गठिया के दर्द को कम करने में मदद कर सकती है मछली खाने से मसल्स के दर्द में राहत पाई जा सकती है मछली जोड़ों में होने वाले इन्फ्लेमेशन को भी कम करने में मदद करती है।



नमक के उपयोग जो आपके काम को आसान बना सकते हैं, जानिए इनके बारे में अभी


दक्षिणापथ। नमक सभी घरों में उपलब्ध होने वाली एक आम चीज है और हम सभी इसकी उपयोगिता भी जानते हैं। नमक के बिना खाना स्वादहीन हो जाता है। हालांकि केवल रसोई ही नहीं बल्कि इसेक अलावा भी रोजाना के कई कामों में नमक का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद हो सकता है। नमक एक बेहतरीन घरेलू उपाय के रुप में इस्तेमाल किया जा सकता है जिससे आपकी दैनिक समस्याएं सुलजाई जा सकती हैं। ये घरेलू समस्याएं रसोईघर, सिंक, वाशरूम या ड्रेसिंग टेबल आदि की सफाई करने से भी जुड़ी हो सकती हैं। इसलिए, आइए जानते हैं कि आप नमक का इस्तेमाल कुछ कामों को आसान बनाने के लिए कैसे कर सकते हैं।
फलों को सडऩे से बचाने के लिए:
नमक फलों को सडऩे से बचाने के लिए लाभकारी उपाय है। फलों को छिलने के बाद ये कालो पडऩे लगते हैं। इसलिए इन पर आप थोड़ा नमक छिड़ककर इन्हें बचा सकते हैं। फलों को खाने के समय पर इन्हें धोकर इनका सेवन करें।
हाथों की गंध के लिए:
बहुत से लोग हाथों से आने वाली गंध से परेशान होते है। यदि आपके हाथों से प्याज और लहसुन की गंध नहीं निकल रही है, तो आप नमक का इस्तेमाल करें। सिरका और नमक को मिलाएं। इस मिश्रण को अपने हाथों पर रब करें। इससे गंध निकल जाएगी।
सिंक को साफ करने के लिए:
अगर सिंक से जिद्दी दाग निकल नहीं रहे हैं तो इसे साफ करने के लिए थोड़े गर्म पानी में नमक मिलाएं। इस पानी को सिंक में डालें। इससे तेल आदि के दाग साफ हो जाएंगे।
कपड़ों से दाग हटाने के लिए:
अगर आपकी किसी पसंदीदा ड्रेस पर दाग लग गया है तो चिंता ना करें। आप आसानी से दाग को हटाने के लिए नमक का उपयोग कर सकते हैं। एक घंटे के लिए नमक के पानी में अपनी ड्रेस को भिगोएं। इसके अलावा, यह आपके कपड़ों के फीके के रंग को भी फिर से ब्राइट करता है।
त्वचा को एक्सफोलिएट करने के लिए:
नमक त्वचा को एक्सफोलिएट करने में मदद करता है। एक कटोरे में थोड़ा नमक और नींबू का रस लेकर मिलाएं। इसमें थोड़ा शहद मिलाएं। धीरे-धीरे अपनी त्वचा पर रब करें। इससे त्वचा के रोमछिद्रों को खोलने और साफ करने में मदद मिलेगी और त्वचा में रक्त का संचार बेहतर होगा।