सोमवार, 10 जून 2019

बारिश में धुला साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज का मुकाबला

10 जून को साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाने वाला मैच बारिश की वजह से रद्द करना पड़ गया। यह मैच साउथ हैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जा रहा था। मैच रद्द होने से दोनों टीमों के खातों में 1-1 अंक जुड़ गए हैं।
इस मैच में टॉस वेस्टइंडीज की टीम ने जीता और साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। जिसे वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शेल्डन कॉट्रेल ने सही साबित कर दिया। कॉट्रेल ने मैच के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर वेस्टइंडीज टीम को पहली सफलता दिलाई और सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला को आउट किया। आमला ने कॉट्रेल की गेंद पर क्रिष गेल को कैच थमाया। आमला के आउट होने के बाद क्रीज पर बैटिंग करने आये मारक्रम भी कुछ ख़ास नहीं कर पाए और कॉट्रेल का शिकार बने। मारक्रम का कैच साई हॉप ने लपका और उनको पवेलियन की राह दिखाई।
बारिश होने से पहले तक साउथ अफ्रीका की टीम ने 2 विकेट के नुक्सान पर 29 रन बना लिए थे, सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक 17 रन बनाकर और कप्तान फाफ डू प्लेसिस शून्य रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। साउथ अफ्रीका ने इस वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में अभी तक तीन मैच खेले हैं और सारे ही मैचो में अभी तक इस टीम को हार का ही सामना करना पड़ा है। तो वहीँ वेस्टइंडीज ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को हराया था तो दूसरे मैच में इस टीम को ऑस्ट्रेलिया ने शिकस्त दी थी। ये दोनों ही टीमें अभी तक 6 बार वर्ल्ड कप में एक दूसरे से टकरायीं हैं जिसमें साउथ अफ्रीका ने 4 तो वहीँ वेस्टइंडीज की टीम 2 बार जीतने में कामयाब रही है।
अगर वर्ल्ड कप इतिहास की बात की जाय तो वेस्टइंडीज की टीम ने शुरूआती दो क्रिकेट वर्ल्ड कप जीते हैं तो वहीं साउथ अफ्रीका अभी तक एक बार भी वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें