सहायक रिटर्निंग ऑफिसर और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण सम्पन्न
रायपुर, 17 दिसम्बर 2019
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त ठाकुर सिंह ने कार्यशाला में प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि मतदान दलों का गठन, रूटचार्ट, परिवहन के साधनों की आवश्यकता एवं उपलब्धता का आंकलन, पुलिस बल की मांग, सेक्टर ऑफिसरों की नियुक्ति, नामनिर्देशन-पत्र एवं मतपत्रों के मुद्रण की तैयारी के संबंध में विस्तार से चर्चा और समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों के निर्वाचन में अभ्यर्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, जनपद पंचायतों के अंतर्गत पांच-पांच पंचायतों को मिलाकर एक क्लस्टर तैयार किया जाना है, जहां अभ्यर्थी खण्ड मुख्यालय के अलावा क्लस्टर मुख्यालय में भी अपना नामनिर्देशन-पत्र जमा कर सकेंगे।
कार्यशाला में नामनिर्देशन-पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी के साथ-साथ प्रतीक चिन्हों के आबंटन की प्रक्रिया, निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची का प्रकाशन, आदर्श आचरण संहिता, कोलाहल अधिनियम और निर्वाचन नियमों के बारे विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। कार्यशाला में मतदान दलों के लिए सभी आवश्यक प्रपत्र, लिफाफे, पुस्तकें, बैनर, पोस्टर और पाम्पलेट तथा छोटी-बड़ी मत पेटियों की उपलब्धता एवं प्रदाय करने की स्थिति के संबंध में भी चर्चा की गई। कार्यशाला में उप सचिव पंचायत डॉ. संतोष देवांगन ने प्रशिक्षणार्थियों को इस संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यशाला में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव श्रीमती जीनेेविवा किन्डो, उप सचिव पंचायत डॉ. संतोष देवांगन, उप सचिव नगरीय निकाय श्री दीपक अग्रवाल, पूर्व उप सचिव एवं राज्य स्त्रोत समन्वयक श्री पवार जी, अवर सचिव श्री आलोक श्रीवास्तव, सहायक संचालक सांख्यिकी श्री अजय श्रीवास्तव, लेखा अधिकारी श्री जरोन एक्का, अनुभाग अधिकारी श्री जय कुमार वयार और श्री प्रणय कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें