रविवार, 26 दिसंबर 2021

अटल जयंती पर भाजपा ने शुरू किया चंदा अभियान

– पीएम मोदी ने पार्टी फंड में दिये एक हजार रुपये

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर चंदा जुटाने का अभियान शुरू किया, जिसका लक्ष्य अपने सदस्यों व अन्य लोगों के छोटे-छोटे योगदानों से धन इक_ा करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के कई अन्य नेताओं ने इस अभियान के तहत दान किए और सभी से इसमें योगदान की अपील की।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कोष के लिए एक हजार रुपए दान दिए हैं। इस विशेष अभियान से राष्ट्र प्रथम का हमारा आदर्श और जीवन पर्यंत स्वार्थरहित सेवा की हमारे कार्यकर्ताओं की संस्कृति को और मजबूती मिलेगी। भाजपा को मजबूत बनाने में योगदान दीजिए, राष्ट्र को मजबूत बनाने में योगदान दीजिए। नड्डा ने एक ट्वीट में कहा कि हमारे कार्यकर्ता इस विशेष अभियान के तहत लाखों लोगों से संपर्क करेंगे। नमो एप का डोनेशन मॉड्यूल इस दान राशि को संग्रह करने का माध्यम बनेगा। दुनिया के सबसे बड़े राष्ट्रवादी आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए मैं जनता का आशीर्वाद मांगता हूं। उन्होंने कहा कि यह अभियान 11 फरवरी को पार्टी के विचारक दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि तक चलेगा।



शनिवार, 25 दिसंबर 2021

सहायक शिक्षकों ने दिल्ली जाकर किया एक दिवसीय प्रदर्शन : महाफैडरेशन ने कहा वेतन विसंगति हर हाल में दूर कराएंगे

 

दक्षिणापथ, दुर्ग । प्रदेश के 1 लाख 9 हजार सहायक शिक्षक एल बी,79 हजार शिक्षक/व्याख्याता एल बी की वेतन विसंगति , समानुपातिक वेतनमान, प्रथम नियुक्ति तिथि से कार्य का वेटेज, क्रमोन्नति वेतनमान , पदोन्नति, स्थानांतरण, पंचायत शिक्षाकर्मियों के परिवारजनों को अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों पर छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन विगत 3 वर्षों से एक सशख्त् बैनर महाफैडरेशन के तले लड रहा है और यह लडाई चरम पर है।
साथियों विदित हो कि छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन संगठन के प्रांताध्यक्ष राजेश पाल प्रांतीय महासचिव प्रणब मांड्रिक ने एक प्रांतीय डेलिगेशन बनाकर 24 दिसम्बर को दिल्ली रवाना किया था ताकि प्रदेश के सबसे अधिक संख्या में अन्याय झेल रहे सहायक शिक्षक एल बी की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर पर उठाई जाए । लिहाजा आज 26 दिसम्बर 2021 को लाल किले की प्राचीर पर छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन के प्रांत प्रमुख राजेश पाल के निर्देश पर सहायक शिक्षक एल बी के वेतन विसंगति के मांग को पूरा कराने प्रदेश पदाधिकारियों में से प्रदेश मीडिया प्रभारी रितेश टिकरिहा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफेडरेशन के प्रांतीय पदाधिकारी द्वारा 26 दिसम्बर को लाल किले के प्राचीर पर एक दिन धरना देकर मांग पूर्ण करने प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में साथी रामकृष्ण देवांगन, जलेश्वर साहू, जोगेन्द्र कुमार, कमल नारायण के साथ ही उन शिक्षिकाओं के पति भी मौजुद है जो रायपुर के अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल हैं। मित्रों चुंकि छत्तीसगढ़ राज्य के मुखिया ने सहायक शिक्षकों की मांगों की पूर्ति के लिए दिल्ली के लंबित फंड के अड़चन की बात कही थी लिहाजा सहायक शिक्षकों के भलाई के लिए हर एक अड़चन दूर करने की जद्दोजहद में आज 26 दिसम्बर को छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन ने दिल्ली जाकर अपना आक्रोश जताया और राज्य शासन को चेताने के साथ साथ केंद्र की सरकार को भी चेतावनी देते हुए सहायक शिक्षकों के आंदोलन और मांग को पहुंचाने का काम किया है जिससे केंद्र व राज्य पर दबाव बन सके। छत्तीसगढ़ शिक्षक महाफैडरशन के प्रांत प्रमुख श्री राजेश पाल, प्रांतीय महासचिव श्री प्रणब मांड्रिक जी ने रितेश टिकरिहा जी सहित डेलिगेशन के सभी जांबाज सहायक शिक्षक सिपाहियों को बधाई देते हुए उनके जज्बे और संघर्ष को सराहा है और साथ ही प्रदेश की राजधानी रायपुर में धरना-प्रदर्शन में शामिल तमाम सहायक शिक्षकों को भी बधाई देते हुए मांग पुरा होने की शुभकामनाएं दी हैं।



7 जनवरी राजिम जन्मोत्सव पर युवा प्रकोष्ठ रखेगी रक्तदान शिविर

राजिम जयंती महोत्सव में जुटेंगे प्रदेशभर के साहू समाज के लोग

मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे सीएम भूपेश बघेल

दक्षिणापथ,रायपुर।राजिम-7 जनवरी को तैलिक वंश शिरोमणि भक्तिन राजिम माता की जयंती पूरे छत्तीसगढ़ के साहू समाज के लोग राजिम में बड़े धूमधाम से मनाते हैं। इस बार भी छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ एवं भक्तिन राजिम माता मंदिर समिति के तत्वाधान में बड़ी धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया है। साहू समाज की वृहद संख्या एवं आबादी को देखते हुए इस बार यह कार्यक्रम समाज को आवंटित जगह चौबे बांधा रोड मैदान राजिम में मनाने का निर्णय लिया गया है कार्यक्रम की तैयारी जोर शोर से चल रही है। विगत दिनों तैयारी को लेकर के राजिम रेस्ट हाउस में भक्तिन माता राजिम मंदिर समिति एवं प्रदेश साहू संघ बैठक आयोजित कर कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सामाजिक जनों को जिम्मेदारी तय की गई। इस बैठक में प्रदेश युवा प्रकोष्ठ एवं रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ को वृहद स्तर पर रक्तदान शिविर की जिम्मेदारी सौपी गयी। गौरतलब हो कि विगत चार-पांच सालों से रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ रक्तदान शिविर आयोजित करते आ रही है पिछले वर्ष की तरह इस इस वर्ष भी प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ एवं रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वाधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ओम प्रकाश साहू एवं रायपुर संभाग युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्यारे लाल साहू ने सामाजिक जनों को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान में भाग लेने एवं कार्यक्रम को सफल बनाने का अपील किया है।



छत्तीसगढ़ में साकार हो रहा पुरखों का सपना भूपेश बघेल

-मुख्यमंत्री से नगर पंचायत मारो के नवनिर्वाचित पार्षदों ने की सौजन्य मुलाकात

दक्षिणापथ,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज शाम यहां उनके निवास कार्यालय में बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत के नवनिर्वाचित पार्षदों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदगण को नगरीय निकाय चुनाव में उनकी जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार द्वारा सभी वर्ग की खुशहाली के लिए पुरखों ने जो सपना देखा था, उसे निरंतर साकार करने का कार्य हो रहा है। मुझे विश्वास है कि जब हम अपने पुरखों के रास्ते पर चलते है और पुराने मूल्यों से छेड़खानी किए बगैर सुधार के साथ आगे बढ़ते हैं, तो हम निश्चित ही सफलता के शिखर पर पहुंचते है। हमने तीन वर्षों में राज्य में किसान, गरीब, मजदूर, नौजवान तथा महिलाओं सहित कमजोर तबकों के उत्थान के लिए ऐसे प्रयास किए है, जिनके बारे में पहले कभी सोचा नहीं गया था। हम इस दौरान सभी वर्ग के लोगों को बराबरी के अवसर देकर हमारे पुरखों द्वारा बताए गए रास्ते पर चलने में सफल भी हो रहे हैं।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा, संसदीय सचिव गुरूदयाल सिंह बंजारे, अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष दलेश्वर साहू, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, भूतपूर्व विधायक प्रदीप चौबे एवं नवनिर्वाचित पार्षदगण सर्व नरेन्द्र कुमार टण्डन, रामनाथ मिरी, परमेश्वर मिरी, ईश्वर ध्रुव, श्रीमती चन्द्रकांता बंजारे, श्रीमती सुधा तिवारी, श्रीमती राजमती ठाकुर, श्रीमती ममता यादव, श्रीमती मालती बघेल आदि उपस्थित थे।



महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष चुनाव हेतु कांग्रेस ने नियुक्त किये पर्यवेक्षक

दक्षिणापथ,रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देशानुसार संपन्न नगरीय निकाय चुनाव 2021 के निर्वाचन क्षेत्रों में महापौर, अध्यक्ष, सभापति, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष के चयन हेतु निकायवार पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है-
बीरगांव नगर निगम के पर्यवेक्षक रवि घोष, मोतीलाल देवांगन, राजेन्द्र साहू, भिलाई नगर निगम के पर्यवेक्षक गिरीश देवांगन और द्वारिकाधीश यादव, भिलाई चरौदा नगर निगम अटल श्रीवास्तव और विनोद चंद्राकर, रिसाली नगर निगम विकास उपाध्याय और सुदेश देशमुख।
बैकुंठपुर नगर पालिका पारसनाथ राजवाड़े और अमरजीत चावला, शिवपुर चरचा नगर पालिका शैलेष पांडेय और शाहिद खान, सारंगढ़ नगर पालिका रामकुमार यादव, प्रेमचंद जायसी, जामुल नगर पालिका चंद्रशेखर शुक्ला, खैरागढ़ नगर पालिका दलेश्वर साहू और धर्मेन्द्र यादव।
प्रेमनगर नगर पंचायत जेपी श्रीवास्तव और संदीप साहू, मारो नगर पंचायत प्रमोद दुबे, नरहरपुर नगर पंचायत संतराम नेताम, कोन्टा नगर पंचायत नीना रावतिया, भैरमगढ़ नगर पंचायत रूखमणी कर्मा और अवधेश गौतम, भोपालपट्नम नगर पंचायत यशवर्धन राव।



मुख्यमंत्री ने राजधानी के सेन्ट पॉल केथेड्रल पहुंचकर मसीही समाज सहित प्रदेशवासियों को दी ‘क्रिसमस‘ की शुभकामनाएं: केक काटकर किया क्रिसमस सेलिब्रेट

प्रभु की प्रार्थना में शामिल हुए
-प्रदेशवासियों की सुख- सृमद्धि की कामना की
दक्षिणापथ,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज क्रिसमस पर्व पर राजधानी रायपुर के सेन्ट पॉल केथेड्रल पहुंचकर प्रभु की प्रार्थना में शामिल हुए और मसीही समाज सहित प्रदेशवासियों को प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन ‘क्रिसमस‘ की बधाई और शुभकामनाएं दी और प्रभु यीशु से सभी लोगों की सुख, समृद्धि की कामना की।
नवनिर्वाचित बिशप अजय जेम्स द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया ।


इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा, विधायक श्रीमती रेणु जोगी, महापौर ऐजाज ढेबर, पूर्व विधायक अमित जोगी सहित मसीही समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे ।



29 दिसंबर को मंत्रिपरिषद की बैठक करेंगे पीएम मोदी, लिए जा सकते हैं कई बड़े फैसले

नई दिल्ली । कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर को मंत्रिपरिषद की बैठक करेंगे। ये बैठक किस मुद्दे पर होगी इसको लेकर अभी पीएमओ की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। बैठक बुधवार को शाम 4 बजे होगी जिसमें लगभग सभी मंत्रियों के मौजूद रहने की संभावना है। ऐसा माना जा रहा है कि बैठक में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा हो सकती है। इस बीच, पीएम मोदी शनिवार, 25 दिसंबर को गुजरात के कच्छ में गुरुद्वारा लखपत साहिब में गुरु नानक देव जी के गुरुपर्व समारोह को वर्चुअली संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, पीएम मोदी क्रिसमस के दिन दोपहर करीब 12.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुरुपर्व समारोह को संबोधित करेंगे। हर साल 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक गुजरात की सिख संगत गुरुद्वारा लखपत साहिब में गुरु नानक देव जी का गुरुपर्व मनाती है। अपनी यात्रा के दौरान गुरु नानक देव जी लखपत में रुके थे। गुरुद्वारा लखपत साहिब में उनके अवशेष हैं जिनमें लकड़ी के जूते और पालकी के साथ-साथ गुरुमुखी की पांडुलिपियां और चिह्नों की लिपियां शामिल हैं।
कोविड की समीक्षा बैठक कर चुके हैं पीएम मोदी
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें कोविड-19 की स्थिति और ओमिक्रॉन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कोविड-19 की स्थिति और ओमिक्रॉन, चिंताजनक नए वेरिएंट (वीओसी), कोविड-19 की रोकथाम और प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया उपायों, दवाओं की उपलब्धता सहित स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत किए जाने सहित ऑक्सीजन सिलेंडर और कंसेन्ट्रेटर्स, वेंटिलेटर, पीएसए संयंत्र, आईसीयू/ऑक्सीजन समर्थित बेड, मानव संसाधन, आईटी हस्तक्षेप और टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की गई।