दुर्ग, दुर्ग नगर पालिक निगम के 60 वार्डो में पार्षद पद के चुनाव के लिए मतदाताओं ने शनिवार को उत्साह के साथ मतदान किया। मतदान की प्रक्रिया में जहां युवा वर्ग ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, वहीं महिला, पुरुष व बुजुर्ग भी इनसे कही पीछे नहीं रहे। जिससे कई मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लंबी कतारे लगी रही। राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव सुश्री सरोज पांडेय, शहर विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस नेता प्रताप मध्यानी, संभाग आयुक्त दिलीप वासनीकर, कलेक्टर अंकित आनंद के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान कर मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने प्रोत्साहित किया गया। मतदान के दौरान केलाबाड़ी वार्ड क्रं.-41 में भाजपा- कांग्रेस के समर्थकों के बीच झूमाझटकी, रायपुरनाका वार्ड क्रं.-46 में फर्जी मतदान की शिकायत के बाद प्रत्याशी समर्थकों के बीच आक्रोश को छोड़कर शेष वार्डो में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। कलेक्टर अंकित आनंद, एसएसपी अजय यादव, दुर्ग सीएसपी विवेक शुक्ला एवं पुलिस के अन्य अधिकारी अलर्ट रहे। उन्होने संवेदनशील वार्ड तितुरडीह, दीपक नगर एवं अन्य वार्डो के मतदान केन्द्रों में पहुंचकर शांति व्यवस्था का जायजा लिया। समाचार के लिखे जाने तक शाम 5 बजे तक की स्थिति में कुल 64.57 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
जिसके अनुसार 60.04 प्रतिशत पुरुष व 65.11 प्रतिशत महिला मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया जा चुका था। सुबह मतदान की प्रक्रिया काफी धीमी थी। जिसमें दोपहर 1 बजे के बाद तेजी आई। जिससे मतदान के निर्धारित अंतिम तक कुल 65 से 73 प्रतिशत मतदान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें