Desh लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Desh लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 23 दिसंबर 2019

रायपुर : भारत माता इग्लिश मीडियम स्कूल बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ ईको-क्लब का मिला पुरस्कार

छत्तीसगढ़ के भारत माता इग्लिश मीडियम स्कूल बिलासपुर के ईको-क्लब को उत्कृष्ट कार्य के लिये राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ ईको-क्लब का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। गुजरात के केवडिया में विगत 20 एवं 21 दिसम्बर को आयोजित प्रथम राष्ट्रीय सम्मेलन में केन्द्रीय अतिरिक्त सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन श्री अरविंद नौटियाल द्वारा इन्हें पचास हजार की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे पद्मश्री डॉ अनिल प्रकाश जोशी एवं श्री जाधव पयांग भी उपस्थित थे।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा इनका चयन सर्वश्रेष्ठ ईको-क्लब के रूप में किया गया। छत्तीसगढ़ के ईको-क्लब भारत माता इग्लिश मीडियम स्कूल बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सर्व श्रेष्ठ ईको-क्लब का पुरस्कार मिलने पर मुख्य सचिव तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल के अध्यक्ष श्री आर.के. मण्डल, आवास एवं पर्यावरण विभाग की सचिव सुश्री संगीता पी. और मण्डल के सदस्य सचिव श्री आर. पी. तिवारी ने स्कूल को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
 भारत माता इग्लिश मीडियम स्कूल बिलासपुर के ईको-क्लब कोआर्डिनेटर श्री पानू हालधर तथा 02 स्कूली बच्चें और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल की ओर से श्री ए.पी. सावंत ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल को भी ईको-क्लब के सफल संचालन के लिये ऐप्रीशियेशन अवॉर्ड प्रदान किया गया। विदित हो कि भारत माता इग्लिश मीडियम स्कूल बिलासपुर के ईको-क्लब द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में अनेकानेक कार्य किये जा रहे हैं। स्कूल के बच्चों द्वारा आस-पास के क्षेत्र में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पर वृहद स्तर पर कार्य किया गया है। स्कूल द्वारा प्राकृतिक सेनेटरी नैप्किन्स बनाने, स्कूल बैग रिड्यूसर का निर्माण, आस पास के तालाबों की वृहद स्तर पर साफ सफाई, सोलर वॉटर प्यूरिफायर का निर्माण, पब्लिक बायोडायवर्सिटी रजिस्टर जैसे महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहे है।     

रायपुर : राज्य शासन की प्राथमिकताओं को पूरा करने मिशन मोड में काम करने के निर्देश : मुख्य सचिव की वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग

मुख्य सचिव श्री आर.पी. मण्डल ने आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में पुलिस महानिदेशक श्री डी.एम. अवस्थी और प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री राकेश चतुर्वेदी के साथ वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कमिश्नर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, सीईओ जिला पंचायत, खाद्य अधिकारी और वन विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्हांेने राज्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल धान खरीदी, लघु वनोपजों का संग्रहण और रोजगार सृजन, सुपोषण अभियान के संबंध में जरूरी निर्देश एवं मार्गदर्शन दिए। इस दौरान जिलों के प्रभारी सचिव और विभागीय सचिव भी उपस्थित थे।
श्री आर.पी.मण्डल ने 21 दिसम्बर को राज्य के सभी नगरीय निकायों में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुए आम चुनाव के लिए अधिकारियों को बधाई दिया। धान खरीदी की चर्चा के दौरान श्री मण्डल ने सीमावर्ती क्षेत्रों से लगे जिलों में धान के अवैध परिवहन की रोकथाम करने के कड़े निर्देश कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को दिए है। उन्होंने कहा है कि धान खरीदी के बाद बोरियों के व्यवस्थित छल्ले बनाएं जाएं, धान की बोरियों को बारिश से बचाने व्यवस्था की जाए और बारदानों को व्यवस्थित रूप से रखा जाए। उन्होंने कहा है कि पंजी में दर्ज बारदानों की संख्या, निरीक्षण के दौरान पाए गए बरदानों की संख्या और किसानों को वितरित बारदानों की संख्या में अंतर पाए जाने पर समिति प्रबंधक के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। मध्यम और छोटे किसानों से धान की खरीदी प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य निगम के द्वारा 24 लाख मिट्रिक टन उसना चांवल की खरीदी की जाएगी। उन्होंने बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बालोद, दुर्ग, धमतरी, बलौदाबाजार, रायपुर, मुंगेली, गरियाबंद जिलों के मिलरों से उसना धान की मिलिंग के लिए चार माह का अनुबंध कराने के निर्देश दिए है। साथ ही धान की मिलिंग के लिए सीधे खरीदी केन्द्र से धान का उठाव करने के निर्देश भी उन्होंने दिए है।
राज्य में तेन्दुपत्ता के अलावा वनों से उत्पन्न होने वाले 22 प्रकार के लघु वनोपजों की खरीदी न्युनतम समर्थन मूल्य पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा की जानी है। इसके लिए हाट बाजार और ग्राम स्तर के संग्रहण केन्द्र स्थापित करने के निर्देश मुख्य सचिव ने दिए है। स्थानीय स्वसहायता समूहों के माध्यम से लघु वनोपजों का संग्रहण और प्राथमिक प्रसंस्करण का कार्य किया जाएगा। इस प्रक्रिया से 50 हजार से अधिक ग्रामीणों को रोजगार मिल सकेगा। स्वसहायता समूह ग्रामीण क्षेत्रों में पैदा होने वाले महूआ फूल, ईमली, महूआ बीज, शाल, हर्रा, चिरौंजी, चरोटा, धवई फूल, बहेरा, लाख रंगीन, लाख कुसुमी, नागर मोथा, करंज बीज, काल मेघ, फूल बाहरी, आंवला, बायबिडिंग, बेल, जामुन बीज, शहद, केवाच, कुल्लु गोंद की खरीदी स्थानीय ग्रामीण से करेंगे। लघु वनोपजों संग्रहण का कार्य जनवरी के अंत से शुरू होना है। अतः अभियान के रूप में इस कार्य को किया जाएगा।
सुपोषण अभियान की चर्चा करते हुए श्री मण्डल ने जानकारी दी कि (एनएमडीसी) राष्ट्रीय खनिज विकास निगम ने राज्य के बस्तर संभाग में कुपोषण की रोकथाम के लिए सहयोग देने की सहमती दी है। एनएमडीसी और अक्षय पात्र इस्कॉन द्वारा बस्तर संभाग के प्रत्येक जिले में चार करोड़ 50 लाख रूपए लागत के सेन्ट्रलाईंस्ड किचन की स्थापना की जाएगी। इसके लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टरों को दिए गए है। श्री मण्डल ने सभी जिलों में पांच वर्ष तक के कुपोषित-एनिमिक बच्चों और 49 वर्ष तक की एनिमिक महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए स्थानीय माध्यमों और विभागीय योजनाओं के तहत गर्म भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है।

रायपुर : मनरेगा कार्डधारी परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने में छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने मनरेगा में लगातार अच्छे कार्यों के लिए विभागीय अमले को शाबाशी दी है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों की पीठ थपथपाते हुए कहा है कि वे आगे भी इस योजना का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से जारी रखें ताकि वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर हम इसमें देश के प्रथम तीन राज्यों में अपनी जगह पक्की कर सकें। उल्लेखनीय है कि मनरेगा के विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभी 19 दिसम्बर को ही केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने प्रदेश को सात पुरस्कारों से नवाजा है।
    राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए विशेष रणनीति के तहत काम किया जा रहा है। गांवों में रोजगार दिवस जैसे आयोजनों के जरिए सीधे वंचित समुदायों से काम की मांग के आवेदन लिए जा रहे हैं। मनरेगा की जिला एवं जनपद टीम द्वारा ऐसे परिवार जिन्हें 25, 50 और 75 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है, उन पर फोकस कर उन्हें 100 दिनों का काम दिलाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की राज्य स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा कर हर जिले में ज्यादा से ज्यादा परिवारों को 100 दिनों का रोजगार मुहैया कराने पर जोर दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में मनरेगा मजदूरों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने में सूरजपुर जिला सबसे आगे है। वहां चालू वित्तीय वर्ष में पिछले करीब नौ महीने में नौ हजार 436 परिवारों को 100 दिवस का रोजगार दिया गया है। इस मामले में कबीरधाम सात हजार 681 परिवारों के साथ दूसरे, बिलासपुर छह हजार 789 परिवारों के साथ तीसरे, राजनांदगांव छह हजार 378 परिवारों के साथ चौथे और जशपुर जिला चार हजार 721 परिवारों के साथ पांचवें स्थान पर है।

 छत्तीसगढ़ ने मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) के क्रियान्वयन में एक बार फिर उत्कृष्ट कार्य का नमूना पेश किया है। चालू वित्तीय वर्ष 2019-20 में मनरेगा जॉब कार्डधारी परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने में छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर है। 1 अप्रैल 2019 से 21 दिसम्बर 2019 तक पिछले नौ महीनों में प्रदेश के 83 हजार 436 परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया गया है। राजस्थान, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के बाद छत्तीसगढ़ इस मामले में पूरे देश में चौथे स्थान पर है।



रायपुर : म.प्र. के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ को राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव में आने का दिया न्यौता : विधायक श्री मोहन मरकाम ने सौजन्य मुलाकात कर दिया आमंत्रण

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा देश के विभिन्न राज्यों सहित अन्य देशों के मुख्यमंत्रियों और लोक कलाकारों को राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव के लिए न्यौता देने की जिम्मेदारी राज्य के मंत्रियों और विधायकों को सौंपी गई है। कोण्डागांव क्षेत्र के विधायक  श्री मोहन मरकाम ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ से सौजन्य मुलाकात की और उन्हें छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव में आने का न्यौता दिया। श्री मरकाम ने मुख्यमंत्री से मध्यप्रदेश के लोक कलाकारों को आदिवासी नृत्य महोत्सव में भेजने का आग्रह किया।

झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ

झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। गठबंधन ने विधनसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए करीब दो महीने से जारी चुनावी प्रक्रिया नतीजों के साथ ही संपन्न हो गयी है । पांच चरणों में संपन्न हुए चुनाव के बाद सोमवार सुबह आठ बजे राज्य के तमाम जिला मुख्यालयों पर मतगणना का काम शुरु होने के कुछ ही देर में रुझान आने शुरु हो गए ।

शुरुआती नतीजों से ही साफ हो गया कि मुकाबला बेहद कांटे का है। कभी जेएमएम कांग्रेस गठबंधन को तो कभी बीजेपी को बढत मिल रही थी । लेकिन शाम होते होते ये साफ हो गया कि झारखंड जेएमएम और कांग्रेस के गठबंधन बहुमत के जादुई आंकडे को छू रहा है। दोपहर बाद जेएमएम की ओर से हेमंत सोरेन मीडिया के सामने आए और जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सहयोगियों के साथ बैठक में नयी सरकार पर चर्चा होगी ।

वहीं कांग्रेस नतीजों से संतुष्ट है और पार्टी ने जल्द ही राज्य में महागठबंधन सरकार बनने की उम्मीद जतायी है। बीजेपी की ओर से खुद मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर (पूर्वी) सीट पर भाजपा के बागी उम्मीदवार और पूर्व मंत्री सरयू राय से पीछे रहे। राय निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे। रघुवर दास ने 1995 से पांच बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है।

बीजेपी की ओर से राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास से हार स्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी तरफ से जनता की सेवा की पूरी कोशिश की। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने नतीजों को स्वीकार करते हुए ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा "हम झारखंड की जनता द्वारा दिये गये जनादेश का सम्मान करते हैं भाजपा को 5 वर्षों तक प्रदेश की सेवा करने का जो मौका दिया था उसके लिए हम जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी सभी कार्यकर्ताओं का उनके अथक परिश्रम के लिए अभिनंदन" बीजेपी ने 2000 में झारखंड के गठन होने के बाद से पहली बार विधानसभा चुनाव अपने बूते लड़ा था। बीजेपी और उसकी सहयोगी आजसू पार्टी सीट बंटवारे के मुद्दे पर अपने मतभेदों को दूर नहीं कर पाई और इस बार उनका गठबंधन नहीं हो सका जिसके बाद दोनों ने अलग अलग चुनाव लडा ।

आजसू को अपने दम पर तीन सीटें हासिल हुई। वहीं जेएमएम ने कांग्रेस और आरजेडी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में सरकार गठन को साधारण बहुमत के लिए किसी गठबंधन या दल को 41 सीटों की जरूरत है।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा ऐलान

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार आतंकवाद, वामपंथी उग्रवाद और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र से उग्रवाद  को अगले पांच वर्षों में पूरी तरह समाप्‍त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। देश को पांच ट्रिलियन अमरीकी डॉलर की अर्थव्‍यवस्‍था बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए खुफिया ब्यूरो के 32वें शताब्दी व्याख्यान में गृह मंत्री ने ये भी कहा कि इसके लिए देश की जमीनी और समुद्री सीमाओं को सुरक्षित करना अहम है।
इंटेलिजेंस ब्‍यूरो को सुरक्षा तंत्र का मस्तिष्‍क बताते हुए गृहमंत्री ने कहा कि उन्होंने हमेशा आतंकवाद और नक्सलवाद के प्रति जीरो टोलरेंस सुनिश्चित करने में मदद की। गृह मंत्री ने पिछले पांच वर्षों में आतंकी मॉड्यूल्‍स का खुलासा करने में खुफिया ब्‍यूरो द्वारा किए गए कार्य का विशेष रूप से उल्‍लेख करते हुए वर्षों से पूर्वोत्‍तर विद्रोह से बहुत प्रभावी रूप से निपटने के लिए भी खुफिया ब्‍यूरो की सराहना की।


निगम का स्वास्थ्य अमला मुस्तैद: सड़क पर कुत्ते को टायलेट कराना पड़ गया भारी, भरना पड़ा 2 हजार जुर्माना, सड़क तक सीमेंट गमला फैलाकर रखने पर हुआ 1 हजार जुर्माना

 दुर्ग,  नगर निगम के निगरानी दल के लोगों की सूचना पर निगम स्वास्थ्य विभाग अमला ने आदित्य नगर में कुशा भाऊ ठाकरे भवन के पीछे निवासी चंदन सिंह पर 2 हजार रूपए का जुर्माना लगाया। श्री सिंह द्वारा आदित्य नगर सड़क पर अपने पालतू कुत्ते का टायलेट करा दिया था। निगम का निगरानी अमला ने तत्काल उसकी फोटो खींच कर निगम गु्रप में पोस्ट कर दिया था। जिसके आधार पर स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता आयुक्त इंद्रजीत बर्मन के निर्देश पर घर जाकर कार्यवाही की। निगम आयुक्त इंद्रजीत बर्मन ने सभी सुपरवाइजरों, दरोगा को सख्त निर्देश देते हुये कहा है कि जहॉ भी जिनके द्वारा भी कचरा फेका जाता है, गंदगी की जाती है, डिस्पोजल, पानी पाउच विक्रय किया जाता है फेका जाता है उसकी तत्काल फोटो खींचे और गु्रप में डालें। किसी के साथ कोई भी बहस न करें। उनके खिलाफ स्वास्थ्य विभाग सीधा कार्यवाही करेगी।

नगर निगम द्वारा निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डो में कचरा फेकने और गंदगी फैलाने वाले 13 लोगों से 7 हजार 9 सौ रूपए जुर्माना वसूल कर कड़ी चेतावनी दी गई। आदित्य नगर एमआईजी 298 निवासी चंदन सिंह द्वारा अपने पालतू कुत्ते को आदित्य नगर के मुख्य सड़क पर टायलेट करा दिया जिसका निगम स्वास्थ्य विभाग अमला ने फोटो खींच कर निगम गु्रप में डाल दिया गया। जिसे देखकर आयुक्त ने तत्काल जुर्माना लगाने निर्देश दिये। स्वास्थ्य अधिकारी गुप्ता श्री सिंह के घर जाकर 2 हजार रु. जुर्माना काटा। इसी प्रकार रायपुर नाका ओव्हर ब्रिज के नीचे सड़क तक सीमेंट गमला फैलाकर व्यवसाय करने के कारण व्यवसायी से 1 हजार रु. जुर्माना लेकर सड़क से सीमेंट गमला हटाने निर्देश दिये। निगम स्वास्थ्य अमला ने कचरा फेकने और गंदगी फैलाने वाले वार्ड एक नयापारा में पवन होटल, अपना पान ठेला से 2-2 सौ, राजीव नगर में कबाड़ी दुकान से 2 सौ, मुर्गी दुकान से 5 सौ, मध्यानी आटो और शैलेष आटो से 5-5 सौ, गयानगर में सेलून से 2 सौ, गायत्री मंदिर वार्ड ग्रीन चौक में पानी दुकान और होटल से 5 सौ, हरि देवांगन सर्विस सेंटर से 5 सौ, सुपर फ्लावर सेंटर से 2 सौ, कमलेश यादव से 2 सौ, मुरारी महोबिया पान ठेला से 2 सौ रूपए लेकर सभी को कड़े चेतावनी दी गई। उनसे कहा गया कि किसी भी स्थिति में अपने दुकान के सामने कचरा न फैलायें, गंदगी न करें, आपके दुकान आने वाले ग्राहकों को समझायें कचरा झिल्ली पन्नी आदि डस्टबीन में डालें। उन्हें बताया गया कि नगर निगम द्वारा निगरानी दल गठित किया गया है वे कचरा फेकने वाले और गंदगी करने वालों की फोटो खींच कर निगम गु्रप में डाल रहे हैं जिसके बाद निगम स्वास्थ्य विभाग अमला उसके आधार पर मौके पर जाकर जुर्माना ले रहे हैं। कार्यवाही के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक जसवीर सिंह भुवाल, मेनसिंग मंडावी, राजेन्द्र सराटे, दरोगा सुरेश भारती, राजू सिंह सहित सुपरवाईजर और अन्य उपस्थित थे।

नागरिकता संशोधन विधेयक के समर्थन में भाजयुमों का जन जागरण रैली



जिला भाजपाध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर ने कहा कि यह अधिनियम केवल पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यक जो कि धार्मिक प्रताडऩा की वजह से अपना देश छोड़कर वर्ष 2014 के पहले भारत में बस चुके हैं ऐसे हिन्दू, ईसाई, सिख, जैन, बौद्ध व पारसी को भारतीय नागरिकता देने के लिए कानून है इस कानून के तहत सिर्फ नागरिकता देने की बात कही गई है किसी से भी नागरिकता लेने की बात नहीं कही गई हंै। भाजयुमो जिला अध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने कहा उक्त बिल के साथ एनआरसी को जोड़कर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है जो कि पूर्णत: गलत है अभी सिर्फ असम में ही एनआरसी की घोषणा हुई है पूरे देश में एनआरसी की घोषणा नहीं हुई है और जब देशभर में एनआरसी की घोषणा हुई ही नहीं है तो इसका विरोध करने का कोई औचित्य ही नहीं है।
कार्यक्रम में प्रमुख रुप से जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, जिला महामंत्री गोपाल साहू, सुरेश दुबे, नरेंद्र, भुनेश्वर पटेल, राजा टाटिया, चंदन पटेल, लेखु बाबा, नरेंद्र मानिकपुरी, खिलेश्वर साहू, सानू साहू, सौरभ सिंह, सागर साहू, रामविलास चंद्रवंशी, नेहा शर्मा, पंचराम कोसले, देवा चौबे, लोकनाथ देवांगन, संजय शर्मा, अमित चंद्रवंशी, मिथलेश बंजारे, मीनू साहू, दानी राम, कौशल राजपूत, योगेश ठाकरे, अमृत साहू उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम नागरिकता देने के लिए बना कानून है इसमें किसी की नागरिकता खत्म करने का कोई प्रावधान शमील नहीं है। भारतवर्ष में रहने वाले किसी भी जाति धर्म के व्यक्ति को नागरिकता संशोधन कानून से कोई खतरा नहीं है और ना ही के व्यक्ति से किसी भी प्रकार की डॉक्यूमेंट मांगी जाएगी।
देश में नागरिकता संशोधन अधिनियम कानून बनने के उपरांत विपक्षी दलों सहित असामाजिक तत्वों के द्वारा इसके विरोध में भ्रामक प्रचार कर हिंसक आंदोलन को समर्थन किया जा रहा है जिसके विरोध में आज भारतीय जनता युवा मोर्चा कबीरधाम के द्वारा बस स्टैंड चौक से लेकर एकता चौक ऋषभदेव चौक महावीर स्वामी चौक होते हुए आजाद चौक में सभा के रूप में रैली संपन्न हुई। जिसमें राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डे ने कहा कि विपक्षी दल सहित कुछ असामाजिक तत्व अनुचित राजनीतिक लाभ लेने अफवाह फैला कर देश का माहौल बिगडऩा चाहते हैं इसलिए हमें ऐसे अफवाहों से बचना चाहिए और देश हित में बने इस कानून के समर्थन में अपना अभिमत स्पष्ट करना चाहिए।

सऊदी अरब: पत्रकार खशोगी की हत्या के मामले में पांच लोगों को मृत्युदंड

सऊदी अरब के पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या के मामले में पांच लोगों को मृत्युदंड सुनाया गया लेकिन इस संबंध में आरोपी दो जानी मानी हस्तियों को दोषमुक्त करार दिया गया। सऊदी अरब के लोक अभियोजक ने सोमवार को यह जानकारी दी। अभियोजक ने एक बयान में कहा, ‘‘अदालत ने हत्या में प्रत्यक्ष रूप से शामिल पांच लोगों को मृत्युदंड सुनाया।’’ सऊदी अरब के पत्रकार जमाल खशोगी अमेरिका में रहते थे और वॉशिंगटन पोस्ट के स्तंभकार थे. खशोगी की हत्या पिछले साल तुर्की में स्थित सऊदी अरब के दूतावास में कर दी गई थी.


बुमराह और धवन की टी-20 और वनडे क्रिकेट टीम में वापसी

फिट हो चुके तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अगले महीने घरेलू सरजमीं पर श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी20 श्रृंखला और आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में वापसी की है। शीर्ष बल्लेबाज रोहित शर्मा को टी20 श्रृंखला से आराम दिया गया है। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी दोनों टीमों में वापसी की है। धवन सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के मैच के दौरान चोटिल हो गए थे जिसके कारण उनके घुटने पर 25 टांके लगाने पड़े थे।
चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने यहां पांच सदस्यीय समिति की बैठक के बाद टीम की घोषणा की। बुमराह पीठ में ‘स्ट्रेस फ्रेक्चर’ के कारण टीम से बाहर थे और हाल में उन्होंने विशाखापत्तनम में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले भारत के नेट सत्र के दौरान गेंदबाजी की थी। रोहित के अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी आराम दिया गया है।
भारत पांच जनवरी से श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगा जबकि आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला 14 जनवरी से होगी।


लगेगा प्रत्याशियों की जीत- हार पर दांव: रात में सजेगा सट्टा बाजार, शहर के कई हिस्सों में दिखेगा चुनावी माहौल, प्रत्याशियों की धड़कने हुई तेज, मंगलवार को होगा फैसला

 दुर्ग,  नगरीय निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मत पेटियों में बंद हो गया है। मंगलवार 24 दिसंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना का कार्य शुरू हो जाएगा और देर शाम तक स्थिति साफ हो जाएगी कि कौन सा प्रत्याशी जीत रहा है और कौन हार रहा है। इसी बीच आज रात शहर में सट्टा बाजार भी गर्म होता दिखाई देगा। शहर के विभिन्न वार्डों में जहां निर्दलीय प्रत्याशी के चलते त्रिकोणीय संघर्ष है और जहां सीधी लड़ाई है उन प्रत्याशियों पर आज रात सटोरिएं दांव लगाएंगे।

उल्लेखनीय है कि जो भी चुनाव हो, सट्टा बाजार हमेशा ही गर्म रहता है। सटोरियों को तो मौका चाहिए सट्टा लगाने का। हार-जीत किसी भी पार्टी की हो सटोरियों को कोई फर्क नहीं पड़ता। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज रात शहर के कई चौक-चौराहों में फिर एक बार चुनावी माहौल गर्म दिखाई देगा। सटोरिये आज प्रत्याशियों की हार- जीत पर लाखों का दांव खेलेंगे। कई वार्डों के प्रत्याशियों पर तो सटोरिएं अभी से अलग-अलग वार्डो में अलग-अलग भाव खोल दिए हैं। सूत्रों का कहना है कि महापौर के सशक्त दावेदार मदन जैन के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अमृत लोढ़ा के जीत पर बराबर का भाव, वहीं दूसरे महापौर के दावेदार धीरज बाकलीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे सोहन जैन के जीत पर एक का सवा तथा वहीं श्री पटोदी पर तीसरे नंबर के लिए भाव बता रहे हैं। वही वार्ड 3 एवं वार्ड 10 के भाजपा प्रत्याशी को क्लीयर जीत पर दाव लग रहे हैं। उसी प्रकार राकेश शर्मा एवं भास्कर कुड़ले को लेकर भी सट्टा बाजार में बराबर का भाव चलना बताया जा रहा हैं। वहीं कांग्रेस-भाजपा की सीट एवं निर्दलियों की संख्या को लेकर भी सट्टा बाजार गर्म बताया जा रहा हैं।

रविवार, 22 दिसंबर 2019

हांगकांग के पोत से अपहृत 18 भारतीय रिहा

नाइजीरिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। समुद्री घटनाओं पर नजर रखने वाली एजेंसी एआरएक्स मेरिटाइम के मुताबिक तीन दिसंबर को समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा कर लिया था और उसमें सवार 19 लोगों का अपहरण कर लिया था।
इनमें से 18 भारतीय थे।



दुर्ग निगम चुनाव में जनता ने भाजपा को नकारा- सरोज यादव

दक्षिणापथ, दुर्ग। जिला खनिज न्यास निधि के सदस्य सरोज यादव ने दुर्ग नगर पालिक निगम चुनाव में अधिकांश कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों के जीत के आ रहे रुझानों पर खुशियां जाहिर की है। उन्होने कहा है कि जिस तरह से छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के समय संपूर्ण छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पक्ष में लहर.थी। ठीक उसी तरह का नगर पालिक निगम चुनाव में भी कांग्रेस की लहर निर्मित हुई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनता के पक्ष में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय जैसे सभी वर्गो के लिए राशन कार्ड, पट्टा वितरण के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा की योजनाओं का छत्तीसगढ़ की जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। कांग्रेस ने दुर्ग नगर पालिक निगम चुनाव में जिस तरह से पार्षदों के टिकट का वितरण किया गया था जिसमें कई लोग महापौर के दावेदार है। उनकों भी चुनाव मैदान में उतारा गया। जबकि भाजपा ने अपने कई महापौर के दावेदार की टिकट ही काट दी । उसी दिन से ही कांग्रेस की जीत सुनिश्चित हो गई थी। इससे ऐसा लगता है कि भाजपा का सुपड़ा साफ हो गया है। श्री यादव ने कहा कि दुर्ग नगर पालिक निगम चुनाव में जनता लगभग परिवर्तन के मूड में है। इस वजह से कांग्रेस लगभग 35 से 38 पार्षदों के साथ अपना महापौर बनाकर स्थानीय सत्ता में काबिज होगी।
The post दुर्ग निगम चुनाव में जनता ने भाजपा को नकारा- सरोज यादव appeared first on Dakshinapath.


शुक्रवार, 20 दिसंबर 2019

ब्रिटिश काल में पहले भारतीय को फ़ांसी

हम आपको बताते है. वो व्यक्ति था बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला के समय हुबली का फौजदार महाराजा नंद कुमार. किस जुर्म में उनको फांसी दी गई, इसके पीछे इतिहास के कुछ पन्ने पलटने होंगे.
1757 में अंग्रेजों ने जब बंगाल के नवाब के अधिकार क्षेत्र स्थित फ्रांसीसियों की बस्ती चंदन नगर पर हमले की तैयारी की, तो नवाब सिराजुद्दौला ने नंदकुमार को एक बड़ी सेना के साथ फ्रांसीसियों और वहां की भारतीय प्रजा की रक्षा के लिए तुरंत चंद्रनगर भेजा. लेकिन अंग्रेजों से रिश्वत पाकर नंदकुमार अंग्रेजी सेना के चंद्रनगर पहुंचते ही वहां से हट गया. उसके हट जाने से फ्रांसीसी कमजोर पड़ गए और चंद्र नगर पर अंग्रेजों का सरलता से अधिकार हो गया.
1757 में रिश्वत ओर धोखे का सहारा लेकर क्लाइव के नेतृत्व में अंग्रेजों ने प्लासी के युद्ध में सिराजुद्दौला को हराकर गद्दार मीर जाफर को बंगाल का नवाब बना दिया. बंगाल में कई तरह के उथल-पुथल चलते रहे, नवाब भी तेजी से बदलने लगे और उनके वफ़ादार भी.
इस बीच नंदकुमार अंग्रेजों की चाल समझ गए. तब तक अंग्रेज गवर्नर भी बदल गया. अंग्रेज गवर्नर वारेन हेस्टिंग्स ने अब महाराज नंदकुमार को हमेशा के लिये खत्म कर देने की योजना बनाई. जालसाजी और हत्या का एक झूठा मुकदमा कलकत्ता के कोर्ट में गया. कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश सर एलिजाह इंपी वारेन हेस्टिंग्स का बचपन का मित्र था. जैसा अंग्रेज चाहते थे 7 दिन मुकदमा चला और महाराजा नंदकुमार को फांसी की सजा सुना दी गई और 5 अगस्त 1775 में उन्हें कलकत्ता में फांसी पर लटका दिया.
अभी तक जो जानकारी हमें खोजने पर मिली ये पहले भारतीय थे जिन्हें अदालत में हुई सुनवाई (भले ही वो फर्जी सुनवाई हो) के बाद फांसी के फंदे पर लटकाया गया.
नीरज सिंह, वरिष्ठ संवाददाता


सीमा विवाद पर भारत-चीन के प्रतिनिधियों की नई दिल्‍ली में बैठक

भारतीय शिष्‍टमंडल का नेतृत्‍व राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल करेंगे, जबकि चीन के विदेश मंत्री वांग यी अपने देश के शिष्‍टमंडल की अगुवाई करेंगे.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बीजिंग में मीडिया को बताया कि यह वार्ता सीमा प्रबंधन, द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के परिसीमन पर केंद्रित होगी. दोनों पक्ष आपसी हित के द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी करेंगे.
गौरतलब है कि महाबलीपुरम में पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई शिखर वार्ता के बाद पहली बार विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता हो रही है.


बुधवार, 18 दिसंबर 2019

विशेष पिछड़ी जनजाति के शिक्षित युवाओं की सर्वे रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराएं – डी.डी. सिंह

रायपुर, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास सचिव श्री डी.डी. सिंह ने कहा है कि तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के रिक्त पदों पर विशेष पिछड़ी जनजाति के युवाओं भर्ती के लिए जिलों में कराए गए सर्वे की रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि 5वीं कक्षा से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होने वाले युवाओं को रिक्त पदों पर शैक्षणिक योग्यता के आधार पर रिक्त पदों को भरा जाना है।उन्होंने अधिकारियों को सर्वे रिपोर्ट के साथ जिले में तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के रिक्त पदों की जानकारी भी भेजने कहा।
श्री डी.डी. सिंह ने बैठक में उपस्थित जिले के सहायक आयुक्त और परियोजना प्रशासकों से कहा कि छात्रावासों के शैक्षणिक स्तर में सुधार होना चाहिए। छात्रावास और आश्रमों में कुपोषण की स्थिति नहीं होनी चाहिए। आश्रम-छात्रावासों में स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण किया जाए। कमजोर बच्चों की शिक्षा के लिए कोचिंग की व्यवस्था, किचन गार्डन का निर्माण किया जाए। आश्रम और छात्रावास में साफ-सफाई के साथ भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में आश्रम-छात्रावास के निरीक्षण और निगरानी के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। छात्रावासों में अधीक्षक का रहना अनिवार्य है। आश्रम और छात्रावास की हर माह समीक्षा करें। छात्रावास और आश्रमों में उपयोग की जाने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय को सीबीएसई पैटर्न के स्कूलों में अपडेट करने के लिए अतिरिक्त प्रस्ताव शीघ्र भेजे। श्री सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा छात्रावासों और आश्रमों में पेयजल व्यवस्था के लिए राशि आवंटित की गई है। जहां पेयजल योजना मद में राशि नहीं है, वहां विभाग द्वारा आवंटित राशि का उपयोग किया जाए।


रेलवे की बड़ी लापरवाही, ओवर लोड मालगाड़ी प्लेटफार्म से गुजरी


रायगढ़, रेलवे स्टेशन रायगढ़ में उस वक्त एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कोयले के चूरे से लोड एक मालगाड़ी धड़-धड़ आकर प्लेटफार्म नंबर 3 से गुजरने लगी. यह मालगाड़ी ओवरलोड थी, जिसकी वजह से जैसे ही मालगाड़ी प्लेटफॉर्म से होकर गुजरने लगी तो तड़तड़ा कर सेड टूटने लगी, उसके साथ ही मालगाड़ी में लोड कोयला प्लेटफार्म में इधर-उधर तेजी से बिखरने लगा. गनीमत थी कि प्लेटफार्म में मौजूद सैकडों यात्रियों की जान बच गई.
रायगढ़ स्टेशन के प्रबंधक नेे बताया कि इस मालगाड़ी में कोयला ज्यादा भरा हुुआ था. इस वजह से प्लेटफॉर्म का सेड डैमेज हो गया है. जिसके आगे की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है. साथ ही प्लेटफॉर्म पर बिखरे कोयले को हटवाया जा रहा है. देखना यह है ओव्हर लोड गाड़ियों पर तो कार्यवाही के लिए मानकों का पालन नहीं करने वाले, जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है. क्षमता से अधिक लोड होने पर पटरियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह भी जांच का विषय है.


नागरिकता कानून पर भारत की इमरान खान को दो टूक- अपने देश के लोगों की चिंता करें



नई दिल्ली, नागरिकता कानून पर भारत ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को कड़ा जवाब दिया है. भारत ने कहा कि हम पाकिस्तान के पीएम की टिप्पणी को अस्वीकार करते हैं. पाक पीएम की टिप्पणी भारत के प्रति उनकी घृणा और पूर्वाग्रह का परिचायक है. दरअसल, इमरान खान ने जेनेवा में ग्लोबल रेफ्यूजी फोरम में भारत के नागरिकता संशोधन कानून और कश्मीर मुद्दे को लेकर कहा कि इससे दक्षिण एशिया में ना केवल शरणार्थियों की समस्या पैदा हो जाएगी बल्कि ये परमाणु संपन्न शक्ति देशों के बीच संघर्ष को भी जन्म दे सकता है.
पाक पीएम को जवाब देते हुए भारत ने कहा कि इमरान खान अपने देश और वहां के लोगों की चिंता करें. संयक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजीव चंदर ने कहा कि हम इमरान खान की इस बेतुकी और निराधार टिप्पणी को पूरी सख्ती से खारिज करते हैं. पाकिस्तान स्वघोषित रूप से मानवाधिकार का हिमायती बनता है जबकि वहां के अल्पसंख्यकों की संख्या जोकि 1947 में 23 पर्सेंट थी, अब तीन पर्सेंट पर आ चुकी है. पाकिस्तान में कठोर ईशनिंदा कानून, एक प्रक्रिया के तहत उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण इसका मुख्य कारण हैं.

उन्होंने आगे कहा कि भारत के लोगों को यह जरूरत नहीं है कि उनके लिए कोई और बोले. कम के कम वे लोग तो ना ही बोलें, जिन्होंने नफरत के आधार पर आतंकवाद की इंडस्ट्री बना रखी है. पाकिस्तान और उनके प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए यही अच्छा होगा कि वह अपने देश और अपने लोगों के कल्याण के लिए काम करें.
इमरान खान ने क्या कहा था
इससे पहले इमरान खान ने कहा था कि हमें पाकिस्तान में बस यही चिंता हो रही है कि भारत के फैसलों से शरणार्थियों की समस्या पैदा हो जाएगी और इसकी परिणति दो परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच संघर्ष के रूप में हो सकती है. इमरान ने आरोप लगाया कि भारत कश्मीर की मुस्लिम बहुल जनसांख्यिकी को बदलने की कोशिश कर रहा है.
इमरान खान ने कहा कि कश्मीर में कर्फ्यू और नए नागरिकता कानून की वजह से लाखों मुस्लिम भारत से भाग सकते हैं जिससे रिफ्यूजी संकट पैदा हो सकता है. इस शरणार्थी संकट के सामने बाकी समस्याएं बौनी हो जाएंगी.
उन्होंने कहा कि भारत के मुसलमानों को नागरिकता से वंचित करने के लिए यह कानून बनाया गया है. भारतीय मुसलमानों के अधिकार छीने जा रहे हैं. इस कानून के खिलाफ भारत में दंगे हो रहे हैं और लोग सड़कों पर हैं.


नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ छात्र संगठनों का राज्यव्यापी बन्द आज


पटना, छात्र संगठनों ने कई मुद्दों को लेकर गुरुवार को बिहार बंद आह्वान किया है। इस बंद में 11 छात्र संगठन शामिल हैं। छात्रों ने नागरिक संशोधन कानून, एनआरसी और गैंग रेप के बढ़ते मामले के खिलाफ बंद का आह्वान किया है। सभी लोगों से बिहार बंद का समर्थन करने की अपील की गई। वहीं बुधवार को बिहार बंद को सफल बनाने के लिए पटना के कई इलाकों में छात्र संगठनों ने संयुक्ततौर पर सघन जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान चलाया गया। पटना विश्वविद्यालय के दरभंगा हाउस, वाणिज्य कॉलेज, पटना कॉलेज, साइन्स कॉलेज,पटना लॉ कॉलेज में चला।
प्रचार गाड़ी द्वारा भिखना पहाड़ी,एनआईटी मोड़, महेंद्रू, सुल्तानगंज, आलमगंज, गायघाट, शाहगंज, मुसल्लहपुर,बाजार समिति, दिनकर गोलंबर, लंगरटोली, सब्जीबाग चौराहा पर नुक्कड़ सभा के माध्यम से नागरिक संशोधन कानून एवं एनआरसी के खिलाफ जोरदार विरोध करते हुए बिहार बंद को असरदार बनाने की अपील की गई। टीम ने अशोक राजपथ, कुनकुन सिंह लेन, रमना रोड, खजांची रोड, मखनिया कुआं के दुकानदारों एवं पटना यूनिवर्सिटी के छात्रावासों में विद्यार्थियों से बिहार बंद को सफल बनाने की अपील की गई।

वहीं 11 छात्र संगठनों के नेताओं ने संयुक्त रूप से छात्र नेताओं को झूठे मुकदमे में फंसाने की निंदा की। आंदोलनकारी भीम आर्मी के नेता अमर आज़ाद को गिरफ्तार करने पर भी सभी संगठन के नेताओं ने रोष जताया। हालांकि छात्रों के दबाव में उन्हें बाद में छोड़ दिया गया। एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार, आइसा के राज्य अध्यक्ष मोख्तार,जन अधिकार छात्र परिषद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राहुल रुद्र, द ग्रेट भीम आर्मी के गौतम कुमार,एसएफआई के पंकज वर्मा, छात्र वीआईपी के प्रदेश अध्यक्ष विकास बाक्सर, छात्र रालोसपा के सौरभ पटेल, एनएसयूआई के खालिद, एआईडीएसओ के निकोलाई शर्मा, पीडीएसएफ के राधेश्याम, दिशा की वारुणी ने संयुक्त रूप से कहा कि ना तो झूठे मुकदमे में डालने से, ना गिरफ्तारी से और ना हीं जेल भेजे जाने से वे डरने वाले हैं। सरकार को इन गीदड़ भभकियों से बाज आना चाहिए।
जामिया-एएमयू-जेएनयू-मद्रास यूनिवर्सिटी एवं पूर्वोत्तर के राज्यों सीएए-एनआरसी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर बहादुर छात्र-छात्रा साथियो ने साबित कर दिया है कि वे सरकार से नहीं डरते और हर हालत में इसके खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद करेंगे। राजनैतिक दलों द्वारा गुरुवार को बिहार बंदी का आह्वान को देखते हुए जिला प्रशासन ने 50 मजिस्ट्रेट और दो सौ पुलिस बल की तैनाती की है। पटना शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेंगे। कारगिल चौक पर धारा 144 लगा दिया गया है। गांधी मैदान के आसपास जुलूस प्रदर्शन एवं सभा नहीं होगी। एडीएम विधि व्यवस्था कन्हैया प्रसाद सिंह ने बताया कि बंदी को देखते हुए एंबुलेंस और फायरब्रिगेड के वाहन भी तैनात किए गए हैं। प्रमुख स्कूलों और अस्पताल के पास भी पुलिस प्रशासन तैनात रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष में भी 12 मजिस्ट्रेट और चार पेट्रोलिंग वाहनों की तैनाती की गई है।


जापान में #MeToo का चेहरा बनीं पत्रकार शिओरी इतो ने जीती जंग

 तोक्यो, तोक्यो की एक अदालत ने बुधवार (18 दिसंबर) को पत्रकार शिओरी इतो को 'मी टू' के हाई प्रोफाइल मामले में 30,000 डॉलर मुआवजा देने का आदेश दिया। पत्रकार ने जापान में चले 'मी टू' अभियान के दौरान टीवी के एक पूर्व रिपोर्टर पर बलात्कार का आरोप लगाया था।
इस दीवानी मामले ने जापान और विदेशों में सुर्खियां बटोरी थीं क्योंकि 2017 के एक सरकारी सर्वेक्षण के मुताबिक, जापान में बलात्कार पीड़िताओं का अपराध की सूचना पुलिस को देना असाधारण बात है। सर्वेक्षण के मुताबिक, यहां केवल चार प्रतिशत महिलाएं अपने साथ हुए बलात्कार की शिकायत दर्ज कराती हैं।
इतो (30) जापान में 'मी टू' अभियान की मुखर आवाज बन गईं थीं जहां यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के खिलाफ आंदोलन को अपनी जमीन बनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। उन्होंने प्रधानमंत्री शिंजो आबे से नजदीकी संपर्क रखने वाले टीवी के एक पूर्व रिपोर्टर नोरियुकी यामागुची से 1,00,000 डॉलर का मुआवजा मांगा था। इतो का आरोप था कि 2015 में यामागुची ने नौकरी का झांसा देकर उन्हें खाने पर बुलाया और बलात्कार किया था।
यामागुची लगातार इन आरोपों से इनकार करते रहे और इतो के खिलाफ उन्होंने जवाबी वाद दर्ज कराया और मुआवजे में 13 करोड़ येन मांगे। इतो ने अदालत के बाहर कहा, “हम जीत गए। जवाबी वाद निरस्त कर दिया गया।” उन्होंने हाथ में एक बैनर उठाया हुआ था जिसमें ''जीत” लिखा था।